मंडी में जल्द बनेंगे सात और हेलिपैड

By: Jan 28th, 2020 12:20 am

मंडी –देश के 71वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मंडी के सेरी मंच पर जिला स्तरीय समारोह को बतौर मुख्यातिथि वन मंत्री गोबिंद ठाकुर ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों और जन सहयोग से हिमाचल में वन क्षेत्र में अच्छी बढ़ोतरी हुई है। बीते दो साल में प्रदेश में जंगलों के दायरे में 333 वर्ग किलोमीटर की वृद्धि हुई है। प्रदेश का वन क्षेत्र वर्ष 2017 के 15100 वर्ग किलोमीटर से बढ़कर वर्ष 2019 में 15433 वर्ग किलोमीटर हो गया है। बीते दो वर्षों में 17285 हेक्टेयर वन भूमि में 1.54 करोड़ पौधे लगाए गए हैं। हमारा लक्ष्य है कि साल 2030 तक प्रदेश का वन क्षेत्र वर्तमान में करीब 28 प्रतिशत से 30 प्रतिशत तक पहुंचे, इसे लेकर समर्पित प्रयास किए जा रहे हैं। पर्यटन विकास पर जोर देते हुए गोबिंद ठाकुर ने कहा कि सरकार पर्यटन क्षेत्र को निखारने के लिए योजनाबद्ध ढंग से काम कर रही है, जिससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। इस कड़ी में मंडी में भी पर्यटन गतिविधियों को और रफ्तार दी जा रही है। जिला में पर्यटन की दृष्टि से महत्त्वपूर्ण स्थलों के विकास और पर्यटकों के लिए सुविधाओं की बढ़ोतरी के साथ-साथ अनछुए पर्यटक स्थलों को उभारने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ईको टूरिज्म गतिविधियों को बढ़ावा देते हुए जंजहैली क्षेत्र में ट्रैकिंग के रास्तों, पर्यटक सुविधाओं और कैंपिंग साइट्स के विकास पर 26 करोड़ रुपए व्यय किए जा रहे हैं। ढीम कटारू में पर्यटक सांस्कृतिक केंद्र व थुनाग में सामुदायिक भवन के निर्माण पर 25 करोड़ रुपए खर्चे जा रहे हैं। वन मंत्री ने कहा कि जिला में हेलिपैड्स के निर्माण पर तीन करोड़ से अधिक की राशि व्यय कर रैन गलू, करसोग, खनुखेली, रिछली, सरौआ और डडोह छतरी में हेलिपैड के निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। इसके अलावा सात अन्य जगहों रिवालसर, बल्ह, पोखरधार, गाडा गुशैन, बालीचौकी, कोटाधार और कमरूनाग में भी प्रस्तावित हेलिपैड के निर्माण के लिए भूमि का निरीक्षण कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि शिकारी देवी और बगलामुखी माता मंदिर पंडोह को रज्जु मार्ग से जोड़ने के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। इस अवसर पर समारोह में स्थानीय विधायक अनिल शर्मा, द्रंग के विधायक जवाहर ठाकुर, बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी, नगर परिषद अध्यक्ष सुमन ठाकुर, पूर्व विधाक डीडी ठाकुर, कन्हैया लाल, जिला भाजपा अध्यक्ष रणबीर सिंह, उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर, पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जन प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में जिलावासी उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App