मनाली में शुरू हुआ हल्की बर्फबारी का दौर

By: Jan 17th, 2020 12:20 am

गुरुवार देर शाम खराब मौसम ने पकड़ी रफ्तार, चोटियों पर भारी हिमपात

मनाली – मनु की नगरी मनाली में हल्की बर्फबारी का दौर गुरुवार देर शाम एक बार फिर शुरू हो गया। बारिश के साथ गिर रहे बर्फ के फाहों ने जहां पर्यटक नगरी का नजारा बदला डाला, वहीं घाटी के ऊपरी क्षेत्रों में गुरुवार दोपहर से ही बर्फबारी शुरू हो गई थी। मनाली में पिछले कुछ दिनों से खराब चल रहे मौसम के कारण यहां के तापमान में भी भारी गिरावट ला दी है। पूरे क्षेत्र शीत लहर की चपेट में है, वहीं सुबह-शाम लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। मनाली में आसमान से बरस रही सफेद आफत ने इस बार सैलानियों को भी परेशान करना शुरू कर दिया है। घाटी के अधिकतर क्षेत्रों में जहां यातायात व्यवस्था ठप पड़ी हुई है, वहीं स्नो प्वाइंट्स पर फोर व्हील ड्राइव वाहन ही पहुंच पा रहे हैं। ऐसे में देश-विदेश के सैलानी मनाली घूमने तो आ रहे हैं, लेकिन मनाली के स्नो प्वाइंट उनकी पहुंच से दूर हो गए हैं। स्नो प्वाइंट्स पर बर्फ के बीच मौजमस्ती करने के लिए सैलानियों को टैक्सियों का भारी भरकम किराया अदा करना पड़ रहा है। गुरुवार को जहां दिन भर पर्यटक नगरी में रूक-रुक कर बारिश का दौर चलता रहा, वहीं देर शाम बर्फ के फाहे गिरने से तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। हलांकि मालरोड पर घूम रहे सैलानियों ने इन बर्फ के फाहों के बीच मजकर मस्ती की और मनाली के इस ठंडे मौसम का लुत्फ उठाया। मनाली में पिछले दो सप्ताह से जहां मौसम खराब बना हुआ है, वहीं सड़कों पर पारा जम जाने से वाहनों की आवाजाही भी जोखम भरी हो गई है। पर्यटन करोबारियों का कहना है कि मनाली में अधिक बर्फबारी होने से जहां उन्हें उम्मीद थी कि सैलानयों की संख्या पर्यटक नगरी में बढ़ेगी, लेकिन ऐसा हो न सका। उनका कहना है कि भारी बर्फबारी ने मनाली के पर्यटन कारोबार को भी प्रभावित कर डाला है। गुरुवार को एक बार फिर घाटी में जहां बर्फ के फाहे गिरना शुरू हो गए हैं, वहीं प्रशासन भी चौकना हो गया है। प्रशासन ने पुलिस जवानों को आदेश दिए हैं कि खराब मौसम के बीच सैलानियों को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न जाने दिया जाए। उन्हें बर्फबारी की सही जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए भी कहा गया है। बहरहाल मनाली में गुरुवार देर शाम बर्फ के फाहे गिरने से घाटी के तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App