महिला सुरक्षा के प्रति चलाएं अभियान

By: Jan 19th, 2020 12:03 am

सीएम खट्र बोले, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राज्य स्तरीय समारोह में हो मैराथन

चंडीगढ़ –हरियाणा में महिलाओं को एक सुरक्षित माहौल प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विभागों को महिलाओं की सुरक्षा के प्रति लोगों को संवेदनशील बनाने के लिए वर्षभर व्यापक अभियान चलाने और इसे एक जनआंदोलन बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह के अलावा राज्य के 100 चुनिंदा स्थानों पर पिंकाथन महिलाओं के लिए मैराथन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों महिलाएं भाग लेते हुए महिला सुरक्षा के संदेश का प्रसार करेंगी। मनोहर लाल राज्य में महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाए जा रहे कदमों की समीक्षा के लिए यहां एक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने विभागों को इन पहलों के कार्यान्वयन की बारीकी से निगरानी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2020 में राज्य सरकार का मुख्य ध्यान महिलाओं की सुरक्षा और उनके सशक्तिकरण पर होगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध की एक भी घटना खतरनाक है और इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सरकार के साथ-साथ लोगों को भी समाज में जागरूकता उत्पन्न करने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने पुलिस विभाग को राज्य के स्कूलों और कॉलेजों में एक अभियान शुरू करने के निर्देश दिए ताकि लड़कियों को मोबाइल एप्लिकेशन दुर्गा शक्ति ऐप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किया जा सके, जिसे मुख्यमंत्री द्वारा संकट के समय में तत्काल मदद लेने के लिए उन्हें एक मंच प्रदान करने के लिए शुरू किया गया है। कोई भी महिला मुफ्त में इस ऐप को डाउनलोड कर सकती है और मात्र अलर्ट बटन दबाकर तत्काल पुलिस सहायता ले सकती है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इस वर्ष के दौरान ऐप के 10 लाख डाउनलोड का लक्ष्य निर्धारित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब दुर्गा शक्ति ऐप की सफलता के बाद, विभाग को दुर्गा शक्ति प्लस की ओर आगे बढऩा चाहिए तथा इसे और अधिक प्रभावी बनाने के लिए इसमें और अधिक कार्यक्षमताओं को जोडऩा चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि शहरी स्थानीय निकाय विभाग द्वारा डार्क स्पॉट्स की पहचान करने के लिए शहरी इलाकों में स्ट्रीट लाइटिंग की मैपिंग की जाए।

 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App