मां दुर्गा की पूजा के साथ व्यास उत्सव का आगाज

By: Jan 23rd, 2020 12:22 am

श्रीश्री 1008 बाबा कल्याण दास काला बाबा के शिष्य संजीव शर्मा ने सात दिवसीय मेले का किया शुभारंभ

बिलासपुर – महर्षि वेद व्यास को समर्पित व्यास उत्सव मेला-2020 का बुधवार को आगाज हो गया। रौड़ा सेक्टर में स्थित दुर्गा माता मंदिर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ मुख्यातिथि श्रीश्री 1008 बाबा कल्याण दास काला बाबा के परम शिष्य संजीव शर्मा ने मेला स्थल पर रिबन काटकर मेले का शुभारंभ किया। बास्केटबाल मैदान में आयोजित होने वाले सात दिवसीय व्यास उत्सव के मंच पर व्यास जी की प्रतिमा के समक्ष ज्योति प्रज्वलित की गई। व्यास उत्सव समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यातिथि को शॉल-टोपी व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया मुख्यातिथि संजीव शर्मा ने कहा कि व्यास उत्सव मेला पिछले लंबे समय से बिलासपुर में मनाया जा रहा है। इस उत्सव में विभिन्न प्रकार की खेलकूद व सांस्कृतिक गतिविधियां करवाई जाती हैं, जिससे बिलासपुर की प्रतिभाओं को अपना टेलेंट दिखाने के लिए बेहतरीन मंच मिलता है। कई कलाकार इस मंच से निकलकर आज राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर नाम कमा रहे हैं और बिलासपुर जिला का नाम रोशन कर रहे हैं। इसके लिए व्यास उत्सव समिति बधाई की पात्र है। इस दौरान व्यास उत्सव समिति के अध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप ने कहा कि व्यास नगर समिति का मुख्य ध्येय व्यास जी के बारे में जन-जन को बताना है। बहुत कम लोग जानते हैं कि बिलासपुर वेद व्यास जी की जन्मभूमि है। इस उत्सव के माध्यम से बिलासपुर की छिपी हुई प्रतिभा में लोगों के सामने आती है। इस अवसर पर व्यास उत्सव आयोजन समिति के चेयरमैन चमन गुप्ता, वायस चेयरपर्सन संतोष जोशी, चेयरमैन विजयराज उपाध्याय, उपाध्यक्ष अविनाश कपूर, कोषाध्यक्ष राजकुमार, तरूण टाडू, सुरेंद्र गुप्ता, पुरुषोतम शर्मा, प्रवीण शर्मा, प्रवक्ता कर्ण चंदेल व मुनीष सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

सात दिन इन खेलों को होगा रोमांच

सात दिनों तक चलने वाले इस व्यास उत्सव मेले में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसमें रंगोली, पतंगबाजी, चम्मच दौड़, बेबी शो, निबंध लेखन, स्लो साइकिलिंग, प्रश्नोत्तरी लिखित, म्यूजिकल चेयेर, कैरम, तीन तांग दौड़, गिल्ली डंडा, बोरा उठाओ, पिट्ठू, मेहंदी रचाओ, फैंसी ड्रेस, डॉग शो, मटका तोड़, जलेबी दौड़ व शतरंज सहित बैडमिंटन, कबड्डी, हैंडबाल, फुटबाल, मुक्केबाजी व शतरंज आदि प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी।

मिस एंड मिस्टर व्यास प्रतियोगिता का होगा जलवा

व्यास उत्सव मेले में मिस एंड मिस्टर व्यास प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके दो राउंड होंगे। इसमें पारंपरिक वेशभूषा हिमाचली व पारंपरिक वेशभूषा विभिन्न राज्य आदि रहेगी। इसके साथ ही एकल गायन हिमाचली, एकल गायन, एकल नृत्य व समूह गान आदि प्रतियोगिताएं क, ख, ग व घ वर्ग में करवाई जाएंगी, साथ ही वाद्य यंत्र प्रतियोगिता भी होगी।

व्यास गौरव पुरस्कार से नवाजी जाएंगी वभूतियां

व्यास उत्सव के दौरान सामाजिक, धार्मिक, खेल, शिक्षा व रक्तदान आदि क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को विभिन्न पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इसमें व्यास गौरव, व्यास प्रेरणा, व्यास सेवा व व्यासश्री आदि पुरस्कार दिए जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App