मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गरमाई दिल्ली की सियासत

By: Jan 29th, 2020 12:04 am

हिमाचली बहुल इलाकों में पार्टी के लिए मांग रहे समर्थन

दिल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान जनसभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर

शिमला – दिल्ली विधानसभा के चुनाव प्रचार में उतरते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वहां की सियासत को गरमा दिया है। अपनी चुनावी सभा में सीएम ने कहा कि युवा राष्ट्र का भविष्य हैं और देश के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए केंद्र की भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल और सक्षम नेतृत्व में युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अपार अवसर प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में प्रीतमपुरा के सरस्वती विहार में युवा सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गतिशील नेतृत्व में सुरक्षित है और आज समूचा विश्व भारत को विश्व शक्ति के रूप में देखने लगा है। उनके नेतृत्व से देश को अपना पुराना गौरव फिर से प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि देश के युवा जो दूसरे देशों में गए थे, वह अब पुनः भारत लौट रहे हैं, क्योंकि उन्हें देश में ही रोजगार के अपार अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने शकूरबस्ती (पश्चिमी विहार) में भाजपा प्रत्याशी डा. एससी वत्स के पक्ष में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्ष के पास केंद्र सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं है और वह केवल निराधार मुद्दे उछालकर खबरों में रहने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले छह वर्षों में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। अनुच्छेद 370 और 35ए अब इतिहास बन गया है और अब भारत का एक संविधान, एक निशान है। यह केवल केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व से ही संभव हो पाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय का श्रीराम जन्मभूमि के संदर्भ में दिया गया निर्णय ऐतिहासिक है, जिससे भगवान राम के भव्य मंदिर के निर्माण का मार्ग खुल गया है।

सीएए ऐतिहासिक कदम

नागरिकता संशोधन अधिनियम केंद्र सरकार का ऐतिहासिक कदम है और राज्य के लोग इस निर्णय का समर्थन करते हैं, क्योंकि इससे पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में अत्याचार सह रहे अल्पसंख्यकों की मदद होगी। मुख्यमंत्री ने लोगों से इन चुनावों में अपना वोट और समर्थन भाजपा प्रत्याशी को देने का आग्रह किया, राष्ट्र को मजबूत और सुरक्षित बनाने में सहायक सिद्ध होने के साथ नई दिल्ली में तीव्र विकास भी सुनिश्चित करेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App