यह मुलाकात एक बहाना है…

By: Jan 22nd, 2020 12:20 am

 चीफ व्हिप नरेंद्र बरागटा ने नड्डा को दी बधाई; कहा, संगठन होगा और भी मजबूत

शिमला-प्रदेश सरकार के चीफ व्हिप नरेंद्र बरागटा ने नवनियुक्त भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को बधाई दी। बीते सोमवार को नरेंद्र बरागटा ने दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जगत प्रकाश नड्डा को पुष्प गुच्छ भेंट कर हार्दिक बधाई दी। नरेंद्र बरागटा ने कहा कि नड्डा के विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से हिमाचल प्रदेश का गौरव बढ़ा है और प्रत्येक प्रदेशवासी स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह नड्डा की मेहनत, लग्न और निष्ठा का परिणाम है कि वह आज इन ऊंचाइयों पर पहुंचे हैं। चीफ व्हिप ने कहा कि उनका संगठन के प्रति लगाव इस बात को दर्शाता है कि उन्होंने सरकारी मंत्री पद छोड़कर संगठन का कार्य करना उचित समझा, उसी का परिणाम है कि जगत प्रकाश नड्डा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने कहा कि जगत प्रकाश नड्डा 1989 में एबीवीपी के राष्ट्रीय सचिव बने तथा 1991 में भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष बने। वर्ष 1993 में हिमाचल विधानसभा का चुनाव लड़े और नेता प्रतिपक्ष भी बने। वर्ष 1998 में दूसरी बार विधानसभा के सदस्य बने और 2008 में हिमाचल सरकार मंत्रिमंडल में वन मंत्री रहे। इसके बाद 2010 में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव का पदभार संभाला, 2012 में राज्य सभा सांसद चुने गए तथा भाजपा संसदीय समिति के सचिव बने और मोदी सरकार में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री की जिम्मेदारी को बखूबी निभाया। उसके बाद जून 2019 में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। चीफ व्हिप नरेंद्र बरागटा ने कहा कि जगत प्रकाश नड्डा में बाल्यकाल से देश प्रेम का जज्बा था, जिसके चलते मात्र 13 वर्ष की आयु में ही वह स्वयंसेवक बन गए थे। इसके बाद छात्र राजनीति से लेकर प्रदेश तथा केंद्र में विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने अपनी प्रत्येक जिम्मेदारी को पूरी इमानदारी व निष्ठा से निभाया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री रहते हुए उन्होंने प्रदेश में मेडिकल कालेजों के साथ-साथ एम्स जैसा बहुप्रतिष्ठित स्वास्थ्य संस्थान देकर प्रदेश को स्वास्थ्य के क्षेत्र में अग्रणी श्रेणी में लाकर खड़ा कर दिया। नरेंद्र बरागटा ने कहा कि जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी और मजबूत होगी और पार्टी उत्कर्ष पर पहुंचेगी।

1998 में एक ही कैबिनेट में थे बरागटा-नड्डा

तत्कालीन भाजपा सरकार के दौरान यानी 1998 में जगत प्रकाश नड्डा और नररेंद्र बरागटा प्रदेश मंत्रिमंडल में एक साथ हुआ करते थे। आज जब जगत प्रकाश नड्डा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं तो चीफ व्हिप नरेंद्र बरागटा भी गौरवांवित महसूस कर रहे हैं।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App