रजत उत्कृष्टता पुरस्कार से नवाजा कांगड़ा पिछड़ा वर्ग वित्त विकास निगम

By: Jan 15th, 2020 12:03 am

देहरा गोपीपुर – राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम दिल्ली द्वारा 28वां स्थापना दिवस नई दिल्ली में मनाया गया। इसमें वर्ष 2018-19 में सामाजिक कार्य क्षेत्र में उत्कृष्ट काम करने पर राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम कांगड़ा के उपमहाप्रबंधक सतीश ठाकुर को रजत उत्कृष्टता पुरस्कार प्रदान किया गया है। उन्हें यह उत्कृष्टता पुरस्कार केंद्रीय मंत्री सामाजिक न्याय व आधिकारिता थावरचंद गहलोत द्वारा दिया गया। सब-डिविजन देहरा के सुनहेत से संबंधित सतीश ठाकुर ने बताया कि विदेश में पढ़ने के लिए भी एजुकेशन लोन बांटे गए हैं, जिनमें बेहतर रिजल्ट आए हैं। सतीश ठाकुर ने कहा कि निगम का उद्देश्य प्रदेश में गरीबी रेखा से नीचे रह रहे अधिसूचित पिछड़ी जाति के पात्र व्यक्तियों को सस्ती दरो पर ऋण उपलब्ध करवाकर सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक उत्थान करना है। उन्होंने कहा कि अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए विभिन्न प्रकार के व्यवसाय चलाने हेतु कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध करवाने का काम करता है। निगम द्वारा विभिन्न व्यवसाय करने के लिए छह प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध करवाया जाता है, जिसकी अधिकतम सीमा 15 लाख है। ओबीसी आईआरडीपी से संबंध रखने वाली महिलाओं को निगम दो लाख रुपए तक का ऋण बिना आवेदक का भाग दिए उपलब्ध करवाता है। शिक्षा ऋण 20 लाख भारत में व 30 लाख विदेश में पढ़ने के लिए दिया जाता है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा शिक्षा ऋण, जो कि बारहवीं कक्षा के बाद जैसे बीटेक, बीसीए, बीबीए, एमसीए, एमबीबीएस, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग इत्यादि व्यावसायिक कोर्स हेतु लड़कों के लिए चार प्रतिशत व लड़कियों के लिए साढ़े तीन प्रतिशत ब्याज दर उपलब्ध करवाया जाता है। निगम की तरफ से विभिन्न प्रकार के व्यावसायिक कोर्स के लिए प्रशिक्षण भी उपलब्ध करवाता है। निगम द्वारा विभिन्न प्रकार के उत्पादों को तैयार करने व बाहरी राज्यों मे बेच कर आय अर्जित करवाने मे भी मदद की जाती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App