रामपुर नप को मिलेगा नया अध्यक्ष

By: Jan 18th, 2020 12:20 am

पिछले एक वर्ष से खाली पड़ा है यह अहम पद, लटके हैं कई विकास कार्य,लोगों को हो रही दिक्कत

रामपुर बुशहर –आखिर देर से ही सही लेकिन शुक्रवार को नगर परिषद रामपुर को नया अध्यक्ष मिल जाएगा। शुक्रवार को नगर परिषद की अध्यक्ष की ताजपोशी को लेकर बैठक रखी गई है। जिसमें अध्यक्ष पद भरने की पूरी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। गौरतलब है कि काफी समय से ये अहम पद खाली चल रहा था। बताते चले कि नगर परिषद रामपुर का अध्यक्ष का पद अनुसूचित जाति महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। जिसमें इस पद पर वार्ड नंबर नौ से चुनकर आई महिला पार्षद मीना कुमारी को चुना गया था।  लेकिन वर्ष 2018 में अध्यक्षा के खिलाफ अन्य चुने हुए पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव ला दिया। जिस कारण ये अहम पद रिक्त हो गया। जिसके बाद नगर परिषद की पूरी कमान उपाध्यक्ष के हाथों में सौंपी गई। लेकिन उपाध्यक्ष को भी अवैध कब्जे को लेकर बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। जिसके बाद नगर परिषद के दोनों ही अहम पद खाली हो गए। ऐसे में इन पदों के खाली होने से नगर परिषद के तमाम विकास कार्य लटक गए। वहीं तीन पार्षदों के खिलाफ अवैध कब्जे की कार्रवाई अमल में लाई गई और उनमें से दो पार्षदों के चुनाव पुन करवाए गए। इन दो सीटों पर हुए चुनाव ने फिर से अध्यक्षा के पद को भरने की राहें खोल दी। अब वार्ड नंबर तीन से जीत कर आई पार्षद सुमन घाघटा अध्यक्षा बन सकती है। इसकी घोषणा शनिवार को हो सकती है। ये पार्षद कांग्रेस समर्थित है। ऐसे में एक बार फिर से नगर परिषद के मुख्या पद पर कांग्रेस काबिज होगी। इसे लेकर कांग्रेस खेमा काफी उत्साहित है। पिछले दो माह से अध्यक्षा के चुनाव को लेकर चर्चाएं जोरों पर थी। लेकिन प्रशासन की तरफ से अभी तक तय तिथि घोषित नहीं की गई थी। लेकिन अब बाकायदा अध्यक्ष के चुनाव की सूचना जारी की गई है। बताते चले कि इस वर्ष क आखिर में नगर परिषद के चुनाव होने तय है। ऐसे में नए अध्यक्ष को एक वर्ष तक का कार्यकाल मिलेगा। वहीं रामपुर नगर परिषद के नौ वार्डों में रुके हुए कार्यों को गति मिल पाएगी। नगर परिषद ने इसके लिए 10 बजे का समय तय किया है। अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया नगर परिषद के सभागार में होगी। जिसमें सभी 9 पार्षद मौजूद रहेंगे।

उपाध्यक्ष कभी इन, कभी आउट

सिंतबर माह से नगर परिषद् के उपाध्यक्ष दीपक सूद को अवैध कब्जों के आरोप सिद्ध होने पर बाहर कर दिया गया। जिसके बाद उन्होंने इसे कोर्ट में चुनौती दी। जहां वह सफल हुए। लेकिन उपाध्यक्ष का पिछले पांच माह का कार्यकाल इन और आऊट में ही फंसा रहा। लेकिन शनिवार को होने वाले अध्यक्षा के चुनाव को लेकर नगर परिषद् द्वारा पार्षद दीपक सूद को फिर से उपाध्यक्ष व पार्षद के तौर पर पत्र जारी किया गया। ऐसे में अब नगर परिषद के पास अध्यक्ष व उपाध्यक्ष दोनों अहम पद मौजूद रहेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App