शिवपाल शर्मा दसवीं बार प्रधान

By: Jan 22nd, 2020 12:20 am

सर्वदेवता समिति ने सर्वसम्मति से सौंपी कमान, मोहन लाल उपप्रधान

मंडी –सर्व देवता कमेटी की चुनाव अवधि पूर्ण होने के बाद शिवपाल शर्मा को फिर से देवता समिति का प्रधान चुन लिया गया है। शिवपाल शर्मा लगातार दसवीं बार देवता समिति के प्रधान बने हैं। देवता समिति की मंगलवार को हुई आम सभा में सर्वसम्मति से शिवपाल शर्मा को एक बार फिर अगले तीन वर्षों के लिए प्रधान चुनने का निर्णय लिया गया। शिवपाल शर्मा को 10वीं बार प्रधान चुनने के साथ ही आम सभा ने उन्हें कहा कि क्षेत्र के आधार पर घाटीवाइज कारदारों/ प्रधानों में से कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और सदस्यों को नियुक्त करें। जिसके बाद शिवपाल शर्मा ने उपप्रधान मोहन  लाल ठाकुर (बजीर सुखदेव ऋ षि थट्टा) और गोविंद राम ठाकुर (देव छमाहू बालीचौकी) को बनाया है, जबकि कानूनी सलाहकार नरेश ठाकुर (देव तुंगासी जंजहली), मुख्य सलाहकार हिम्मत राम (देव श्री शयटी नाग) व हेम राज ठाकुर (सराज) को चुना गया है। उन्होंने बताया कि कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों को शीघ्र चुना जाएगा। बैठक में शिवपाल शर्मा ने समस्त प्रधान, गूर, पुजारी व कारदारों का प्रधान चुनने पर आभार प्रकट किया है। बैठक  में समस्त कारदारों ने देव संस्कृति संरक्षण एवं संवर्द्धन समिति द्वारा दिए जा रहे बयानों को लेकर भी आपत्ति जताई। समिति के अध्यक्ष एवं कारदारों ने कहा कि देव संस्कृति संरक्षण एवं संवर्द्धन को देखने के लिए मंडी जिला के देवी-देवताओं की एक ही समिति है, जो सदियों से चली आ रही है। इसलिए उपरोक्त समिति के कार्य को देव समाज इजाजत नहीं देता है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App