शिवरात्रि में पांच दशकों की यात्रा

By: Jan 31st, 2020 12:20 am

पूर्ण राज्यत्व का दर्जा मिलने के 50 साल पूरे होने पर प्रशासन ने रखा थीम

मंडी – अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में पहली बार हिमाचल प्रदेश का स्वर्णिम इतिहास देखने को मिलेगा। पिछले पांच दशकों में हिमाचल प्रदेश की स्वर्णिम यात्रा अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 2020 की इस बार मुख्य थीम होगी। इसी वर्ष हिमाचल प्रदेश  ने पूर्ण राज्यत्व का दर्जा मिले हुए 50 वर्ष पूरे किए हैं और यह वर्ष स्वर्ण जयंती का वर्ष है। इसी के दृष्टिगत मंडी जिला प्रशासन ने इस बार पांच दशकों की यात्रा को शिवरात्रि महोत्सव की थीम बनाया है। गौरतलब है कि हिमाचल ने 25 जनवरी, 1971 को पूर्ण राज्य का दर्जा प्राप्त किया था और हाल ही में 25 जनवरी 2020 को प्रदेश ने अपना 50वां पूर्ण राज्यत्व दिवस मनाया है। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने 50वें पूर्ण राज्यत्व दिवस के अवसर पर बिलासपुर जिला के झंडूता में हुए राज्य स्तरीय समारोह में स्वर्ण जयंती पट्टिका का अनावरण भी किया था। जिला उपायुक्त ऋ ग्वेद ठाकुर ने कहा कि इस साल 22 से 28 फरवरी तक मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में हिमाचल की 49 वर्षों के दौरान की सभी क्षेत्रों की अभूतपूर्व विकास यात्रा को दर्शाया जाएगा। इसे लेकर अन्य आयोजनों के अलावा एक बड़ी प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर इस दिशा में तैयारी करने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त आशुतोष गर्ग, एडीएम श्रवण मांटा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App