शीतलहर के कहर से कांपे लोग

By: Jan 19th, 2020 12:05 am

मैदानों में बारिश; पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी से बढ़ी ठिठुरन, विभाग का पूर्वानुमान, आज साफ रहेगा मौसम

शिमला-हिमाचल प्रदेश से शीतलहर की चपेट में आ गया है। बीते शुक्रवार रात के समय ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कई स्थानों पर बर्फबारी हुई है। वहीं, शनिवार को भी कुछ स्थानों पर हल्का हिमपात रिकार्ड किया गया है। निचले क्षेत्रों में बारिश हुई है। बारिश-बर्फबारी के बाद समूचा राज्य ठंड की चपेट में आ गया है। मौसम विभाग की मानें तो रविवार को मौसम साफ बना रहेगा। 20 जनवरी से मौसम फिर से करवट लेगा। 22 जनवरी तक अनेक स्थानों पर बारिश-बर्फबारी होगी। 23 जनवरी से हिमाचल में मौसम साफ बना रहेगा, जो कड़ाके की ठंड की मार झेल रहे लोगों को राहत लेकर आ सकता है। कल्पा, गोडला, पूह और खदराड़ा में बीते 24 घटों के दौरान फिर बर्फबारी हुई है। कल्पा में सबसे ज्यादा 24 सेंटीमीटर बर्फबारी रिकार्ड की गई है। गोडला, पूह व खदराड़ा में दो सेंटीमीटर हिमपात रिकार्ड किया गया है। वहीं, मैदानी इलाकों में कई स्थानों पर बारिश हुई है। शनिवार को भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कई स्थानों पर बर्फबारी हुई है, जबकि मध्यम व मैदानी इलाकों में दिन भर मौसम खराब बना रहा और बारिश दर्ज की गई है। बारिश व बर्फबारी के बाद अधिकतम तापमान में फिर से गिरावट आई है। ऊना के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। शिमला में दो, धर्मशाला, नाहन, सोलन और डलहौजी के तापमान में एक डिग्री तक की गिरावट आई है। कल्पा, बिलासपुर और हमीरपुर को छोड़कर शेष हिमाचल के तापमान में गिरावट रिकार्ड की गई है। न्यूनतम तापमान में भी हल्की गिरावट आई है। कुफरी, कल्पा, केलांग, मनाली, डलहौजी का पारा अभी भी माइनस डिग्री में चल रहा है। वहीं, शिमला का पारा शून्य डिग्री में आंका गया है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोेहन सिंह ने बताया कि रविवार को अनेक स्थानों पर मौसम साफ बना रहेगा। 20 जनवरी से मौसम फिर से करवट लेगा। 22 जनवरी तक मौसम खराब बना रहेगा, जबकि प्रदेश में 23 जनवरी से फिर धूप खिलेगी।

कहां, कितना तापमान

शहर       अधिकतम न्यूनतम

शिमला    7.5        0.2

सुंदरनगर  16.5       5.2

भुंतर       14.7       4.6

कल्पा     1.0        -4.6

धर्मशाला   8.8        2.8

ऊना       18.8       10.2

सोलन     15.0       3.1

नाहन      14.8       7.0

केलांग     -3.7       -9.2

बिलासपुर 19.0       9.0

हमीरपुर    18.9       8.7

डलहौजी  2.5        -0.4


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App