सब सेटल होने के बाद ही अगला कदम

By: Jan 17th, 2020 12:03 am

बिंदल के विदाई समारोह में बोले सीएम, बजट सत्र में हो सकता है विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव

शिमला – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि सब कुछ सेटल होने के बाद नए अध्यक्ष पद का चुनाव और मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। हिमाचल में डा. राजीव बिंदल और दिल्ली में नड्डा जी की राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर ताजपोशी के बाद ही इन विषयों पर विचार करेंगे। मुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि दावेदारों का नाम चलना चाहिए। यही लोकतंत्र की सबसे बड़ी खूबी है कि पैनल किसी और का होता है और ताजपोशी किसी और की। मुख्यमंत्री का कहना था कि 20 जनवरी को जेपी नड्डा विधिवत रूप से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन जाएंगे। इसके बाद मंत्रिमंडल के विस्तार और विधानसभा अध्यक्ष के विषय में चर्चा करेंगे। गुरुवार को डा. राजीव बिंदल के विदाई समारोह के उपरांत मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में सीएम ने कहा कि अगले माह बजट सत्र प्रस्तावित है। इसके चलते नए विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव बजट सत्र के दौरान किए जाने की संभावना है। सीएम का कहना था कि अगर आवश्यकता महसूस हुई, तो विधानसभा अध्यक्ष के तुरंत चयन के लिए विस का विशेष सत्र भी बुलाया जा सकता है। पैनल चाहे जिस मर्जी का बने या नाम जिसका भी चले, अंततः  राष्ट्रीय नेतृत्व का ही फैसला फाइनल होता है। राष्ट्रीय नेतृत्व जो तय करता है, होता वही है। सीएम ने कहा कि डा. राजीव बिंदल का बड़ा नाम है। केंद्रीय नेतृत्व ने तय किया कि हिमाचल में पार्टी की कमान उन्हें सौंपी जाए। इस पर सब की सहमति बनी और भाजपा को प्रदेश में अब मजबूत अध्यक्ष मिल रहा है। उनका कहना था कि 17 जनवरी को डा. राजीव बिंदल अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे और 18 जनवरी को पार्टी प्रदेशाध्यक्ष बन जाएंगे। इसके बाद 20 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा। सीएम ने कहा कि इसके लिए वह प्रदेश के दूसरे नेताओं के साथ दिल्ली जाएंगे। हिमाचल के लिए यह सबसे बड़ा दिन होगा। देश की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी का मुखिया हिमाचल प्रदेश से होना हमारे लिए गर्व की बात है।

जयराम बोले, बिंदल के तजुर्बे का लाभ मिलेगा

मुख्यमंत्री ने डा. राजीव बिंदल के दो साल के विधानसभा कार्यकाल को अभूतपूर्व बताते हुए कहा कि इस अल्पावधि में कई बड़े कार्य हुए। डा. बिंदल अपने कुशल प्रबंधन और विवेक के चलते विधानसभा सत्र का शानदार संचालन करते रहे। उन्होंने सभी विधायकों को मुद्दे उठाने के लिए एक बराबर समय दिया। डा. राजीव बिंदल संगठन के मजबूत सिपाही हैं और उनके इस अनुभव का पार्टी को बहुत बड़ा लाभ मिलेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App