सिरमौर से भरमौर तक खिलेगा कमल

By: Jan 23rd, 2020 12:01 am

नाहन पहुंचने पर भाजपा अध्यक्ष बिंदल बोले, लोकसभा चुनावों में लहराएंगे परचम

नाहन – भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने भाजपा के प्रदेश भर के कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि सिरमौर से भरमौर तक प्रत्येक चुनाव में भाजपा का कमल खिलाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को संकल्प लेना होगा। नाहन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम में जिला भर से आए सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डा. राजीव बिंदल ने पार्टी कार्यकर्ताओं को ‘चार स’ का संकल्प लेने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को सेवा, समन्वय, समर्पण व समरस्ता के तहत कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव में सिरमौर से भरमौर तक भाजपा का परचम लहराएगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार नाहन विधानसभा क्षेत्र पहुंचे डा. बिंदल का औद्योगिक नगरी कालाअंब से नाहन तक सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह हिमाचल का गौरव है कि प्रदेश का बेटा जगत प्रकाश नड्डा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बना है। उन्होंने कहा कि इससे हिमाचल प्रदेश के कार्यकर्ताओं में नए रक्त का संचार हुआ है। नाहन हिंदू आश्रम में जिला भर से पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश व केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह भाजपा नेतृत्व की कसौटी पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। डा. बिंदल ने कहा कि भाजपा एक विचारधारा की पार्टी है, जहां पर कार्यकर्ता सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री डा. नरेंद्र मोदी ने रेलवे स्टेशन पर चाय बेचकर अपने जीवन की शुरुआत की तथा उनकी कड़ी मेहनत व कर्मठता का परिणाम है कि आज रेलवे स्टेशन पर चाय बेचने वाला बेटा विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र का मुखिया है। उन्होंने कहा कि इससे सिद्ध होता है कि भाजपा में एक सामान्य कार्यकर्ता परिश्रम, समर्पण, त्याग व बलिदान के मार्ग से शिरोमणि पद तक पहुंचा है। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री चंद्रमोहन ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप, कृषि विपणन बोर्ड के चेयरमैन बलदेव भंडारी, खाद्य आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर, पच्छाद की विधायक रीना कश्यप, एससी/एसटी निगम के पूर्व उपाध्यक्ष बलबीर चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता, कुलदीप राणा, राजेंद्र ठाकुर समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App