सीएए पर चंबा शहर में भाजपा की तिरंगा रैली

By: Jan 11th, 2020 12:23 am

भरमौर चौक में नागरिकता संशोधन कानून के पक्ष में नारेबाजी

जिला भाजपा चंबा की ओर से नागरिकता संशोधन अधिनियम के प्रति लोगों को जागरूक करने को लेकर शहर में तिरंगा रैली निकाली। इस तिरंगा रैली की अगुवाई कांगडा- चंबा के सांसद किशन कपूर ने की। भरमौर चौक से नागरिकता संशोधन कानून के पक्ष में नारेबाजी के बीच आरंभ हुई रैली पूरे शहर की परिक्त्रमा के उपरांत परिधि गृह परिसर में जाकर समाप्त हुई। सांसद किशन कपूर ने कहा कि कुछ लोग इस बिल को बिना पढ़े समझे ही समाज में गलतफहमी फैला रहे हैं कि यह बिल किसी के विरुद्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि कानून पास करने का पूरा रिकार्ड संसद में लिखत रूप में रहता है ताकि आने वाली नस्लें पढ़ और समझ सकें। संसद से पारित नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में उठ रही आवाज अनुचित है। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार ने नागरिकता संशोधन कानून बना कर ऐतिहासिक काम किया है, लेकिन विरोधी दल भाजपा की उपलब्धियों से हतास होकर मुस्लिम भाइयों को भ्रमित कर रहे है। विरोधी दल अफवाह फैला रहे हैं कि मुस्लिमों की नागरिकता समाप्त कर दी जाएगी लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। यह कानून अन्य देशों में धर्म के आधार पर शोषित लोगों के लिए है जिन्हें देश की नागरिकता प्रदान की जाएगी। साथ ही उन लोगों को देश से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा जो बाहरी देशों से आकर फर्जी तरीके से हमारे देश में रह रहे है। सीएए से भारत के जो मूल निवासी हैं उन्हें कोई भी बाहर नहीं निकाल सकता। अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। क्योंकि जो यहां के नागरिक हैं उनकी नागरिकता बनी रहेगी। विरोधी पार्टियों के बहकावे में आकर देश की शांति को भंग न करे। समस्या उन्हें होगी जो भारत के नही हैं और असंवैधानिक तरीके से देश में रह रहे है। उन्होंने कांग्रेस पर इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस अधिनियम से  ारणार्थियों को सम्मान मिलेगा। इस मौके पर विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज, भटियात के विधायक विक्त्रम जर्याल, एससी/एसटी निगम के उपाध्यक्ष जय सिंह, मार्केट कमेटी चेयरमैन डीएस ठाकुर, जिला भाजपा प्रधान योगराज शर्मा, भाजपा मंडलाध्यक्ष चंबा विनोद कुमार, डलहौजी भाजपा मंडलाध्यक्ष विजय ठाकुर, जिला भाजपा महामंत्री धीरज नर्याल के अलावा विभिन्न मंडलों के पदाधिकारियों और भाजयुमो सहित विभिन्न संगठनों के सदस्य मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App