सूट-फ्रॉक ने बढ़ाई सरस मेले की शोभा

ऊना –ऊना में पहली बार हो रहे राष्ट्रीय स्तर के सरस मेले के दूसरे दिन भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। इस दौरान पूर्व भाजपाध्यक्ष ने मेले में लगी प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदर्शनी में लगाए हुए हस्तशिल्प कला से उकेरे उत्पादों की खूब सराहना की। मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में पूर्व राज्य भाजपाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रदर्शनी में स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए उत्पादों के स्टाल से लोग एक-दूसरे की संस्कृति से रू-ब-रू होते हैं। वहीं, मेल-मिलाप भी बढ़ता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से भी आह्वान किया कि वे इस मेले में पहुंचकर इसकी शोभा बढ़ाएं और इनके हस्तशिल्प उत्पादों की खरीददारी करें ताकि स्वयं सहायता समूहों से जुड़े लोग आत्मनिर्भर बन सके और वे प्रोत्साहित हो सकें। इस प्रदर्शनी में राष्ट्रीय स्तर के स्वयं सहायता समूहों से जुड़े लोग अपने स्वयं से बनाया हुआ बेहतर गुणवत्ता का सामान बेच रहे हैं। सरस मेले में लगी प्रदशर्नियों को लोगों द्वारा खासा सराहा जा रहा है। प्रदर्शन में 100 के करीब स्टाल लगाए गए हैं। इनमें सूट, फ्रॉक, गाउन, चद्दरें, अचार, जूते, मुरब्बा, ज्वेलरी सहित विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टाल सजाए गए हैं। विभिन्न प्रकार का सजावटी सामान लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। वहीं, लोगों के मनोरंजन के लिए लोक संपर्क विभाग की ओर से गीत-संगीत कार्यक्रम भी पेश किए जा रहे हैं। स्थानीय कलाकारों को भी मेले में अपनी प्रतिभा को उजागर करने के लिए मंच प्रदान किया जा रहा है।