हमीरपुर के स्कूली मैदान होंगे चकाचक

By: Jan 21st, 2020 12:20 am

मुख्यमंत्री विकास योजना से जिला के पांच स्कूलों को मिले 50 लाख रुपए

हमीरपुर –हमीरपुर के सरकारी स्कूलों के खेल मैदानों के दिन जल्द फिरने वाले हैं। सरकार ने इन खेल मैदानों को चकाचक करने और इन्हें अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत 50 लाख रुपए की राशि जारी की है। यह राशि हमीरपुर के पांच सरकारी स्कूलों के खेल मैदानों पर खर्च होगी। इनमें भोरंज विधानसभा क्षेत्र से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पौंहज, हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डुग्घा और नादौन विधानसभा क्षेत्र से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गौना करौर शामिल हैं। सभी स्कूलों के खेल मैदानों पर 10-10 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। वहीं भोरंज विधानसभा क्षेत्र से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बगबाड़ा और बड़सर विधानसभा क्षेत्र से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुलेहड़ा के खेल मैदान के लिए 10-10 लाख रुपए की राशि स्वीकृति के लिए भेजी गई है। इस राशि से स्कूलों के खेल मैदानों में बास्केटबॉल व बैडमिंटन कोर्ट, रिटेनिंग बॉल, मैदान के चारों ओर सीढिय़ों का निर्माण, मैदान समतल करना इत्यादि काम किए जाएंगे। बता दें कि बीते वर्ष जिला के 12 सरकारी स्कूलों के खेल मैदान पर 12 लाख रुपए खर्च किए गए थे। प्रत्येक स्कूल मैदान पर एक-एक लाख रुपए की राशि खर्च की गई थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App