हिमाचल पर फिर टूट पड़ा अंबर

हिमाचल प्रदेश एक बार फिर कुदरत की प्रचंड मार झेल रहा है। सोमवार को जहां राज्य के मैदानी क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई, वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फवारी दर्ज की गई है। बारिश-बर्फबारी के बाद प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। लाहुल, किलाड़ जैसे इलाकों में व्हाइट कर्फ्यू के कारण लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग का पूर्वानुंमान है कि राज्य में 19 जनवरी तक मौसम यूं ही तेवर दिखाता रहेगा। यदि विभाग की यह भविष्यवाणी सच साबित होती है, तो लोगों की दिक्कतों में और इजाफा होगा…

359 सड़कों पर यातायात ठप

शिमला – हिमाचल में जनता की परेशानियों बदस्तूर जारी हैं। राज्य में अभी भी 359 सड़कें यातायात के लिए अवरुद्ध पड़ी हैं। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फिर से बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। राज्य में सबसे ज्यादा मार्ग शिमला जोन में बंद पड़े हुए हैं। शिमला जोन में 230 मार्ग बंद है। कांगड़ा जोन में 31 सड़कें बंद चल रही हैं। मंडी जोन में 95 मार्ग यातायात के लिए बंद है। हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी से छठे दिन भी तीन एनएच यातायात के लिए ठप पडे़ हुए हैं।  राज्य में विंटर सीजन ने लोक निर्माण विभाग को करोड़ों की चपत लगा दी है। लोक निर्माण विभाग को अब तक 10732.77 लाख का नुकसान हो चुका है। कांगड़ा में 6997.71 लाख और शिमला में 1915.38 लाख का नुकसान हो चुका है, जबकि मंडी जोन में 1320.66 लाख का नुकसान दर्ज किया गया है। सड़कों को बहाल करने के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा 322 मशीनें लगाई गई हैं।