26 जनवरी…हेलिकाप्टर से होगी फूलों की बारिश

शिमला के 15 विभागों की झांकियों में दिखाई जाएंगी सरकार की उपलब्धियां, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां

शिमला –इस बार गणतंत्र दिवस के अबसर पर हेलीकाप्टर से पुष्प वर्षा होगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। हर वर्ष की भांति इस बार भी राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस कार्यक्रम शिमला के रिज पर आयोजित होना है। इसके मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने हर तरह की तैयारियां शुरू कर दी हैं। बता दें कि रिज पर राज्य स्तरीय समारोह में प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय मुख्य अतिथि होंगे और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज भी मौजूद रहेंगे। इस बार के गणतंत्र दिवस के अवसर पर शिमला में 15 विभागों की झांकियां दिखेंगी और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां भी दिखेंगी। हैरानी की बात है कि गणतंत्र दिवस के लिए पांच दिन शेष रह गए हैं, लेकिन झांकियां तैयार नहीं हुई हैं। बताया गया कि इस बार भी गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेश सरकार की उपलब्धियां झांकियों के माध्यम से दिखेंगी, जिसमें सरकार की नई योजनाओं के बारे भी जनता को अवगत करवाया जाएगा। प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रदेश सरकार की हेल्पलाइन मुख्यमंत्री संकल्प सेवा, माई जीओवी सहित जनमंच कार्यक्रम को भी झांकियों के माध्यम से दिखाए जाएंगे। सोमवार को पुलिस के जवान, आईटीबीपी, पुलिस बैंड, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस के छात्रों ने पुर्वाभ्यास किया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक 11 जिलों के 100 स्वयंसेवी हिस्सा ले रहे हैं। शिविर में 50 छात्र व 50 छात्राएं शामिल हैं। परेड का अभ्यास कर सभी चयनित स्वयंसेवी गणतंत्र दिवस समारोह के मौके पर आयोजित की जाने वाली परेड में हिस्सा लेंगे।