अंतरराष्ट्रीय महोत्सव में पहुंचे 184 देवी-देवता

By: Feb 24th, 2020 12:24 am

पड्डल मैदान में दर्शनों को उमड़ी भीड़, देवताओं को मन्नतें चढ़ाने के लिए दूर-दूर से पहुंच रहे लोग

मंडी-शनिवार से शुरू हुए अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के लिए बड़ी संख्या में देवी-देवता मंडी पहुंच चुके हैं। महोत्सव के दूसरे दिन भी कई प्राचीन देवी-देवता मंडी पहुंचे। देवी-देवताओं ने अपने देवलुओं संग राजमाधव मंदिर में हाजिरी भरी और उसके कालेज मैदान में विराजमान हो गए। रविवार को कालेज मैदान में श्रद्धा का खूब सैलाब उमड़ा और हजारों लोगों ने देवी-देवताओं के दर्शन किए। हालाकि इस बार शिवरात्रि महोत्सव में आने वाले पंजीकृत देवी-देवताओं का क्रम कुछ धीमा नजर आ रहा है। पंजीकृत 216 देवी-देवताआें में से सिर्फ 184 देवी-देवता ही अभी तक शिवरात्रि महोत्सव के लिए पहुंच सके हैं, जबकि पिछले वर्ष शुरुआती दो दिनों के भीतर ही इससे अधिक देवी-देवता अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के लिए पहुंचे थे और महोत्सव के चौथे दिन तक पंजीकृत देवी-देवताओं के पहुंचने का आंकड़ा 192 को छू गया था। पिछले वर्ष सबसे अधिक देवी-देवता शिवरात्रि महोत्सव के लिए पहुंचे थे, लेकिन इस बार देवी-देवताओं के शिवरात्रि महोत्सव में आने की संख्या में कमी होने के आसार नजर आ रहे हैं। हालांकि सर्व देवता समिति का दावा है कि अगले दो-तीन दिन में अन्य देवी-देवता भी आएंगे। दूसरे दिन पड्डल मैदान में देवी-देवताओं के दर्शनों को हजारों लोग उमडे़। वहीं रविवार को कालेज मैदान लोगों से भर गया। हजारों लोगों ने कालेज मैदान में पहुंच कर देवी-देवताओं के दर्शन किए और अपनी मन्नतें भी चढ़ाइर्ं, जबकि कई परिवार मन्नतें पूरी होने के बाद देवी-देवताओं के पास बधाई लेकर भी पहुंचे। यही नहीं कालेज मैदान में देवी-देवताओं के मिलन का भी भावुक नजारा देखने को मिला। देवी-देवताओं ने मैदान में पहुंच कर पहले अपने सगे-संबंधियों व क्षेत्र के देवी-देवताओं से मिलन किया। इस अवसर पर सैकड़ों लोगों ने देवी-देवताओं का यह अलौकिक मिलन भी देखा। बता दें कि अंतराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का आगाज शनिवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया है। शिवरात्रि महोत्सव के लिए अब तक 300 के लगभग देवी-देवता पहुंच चुके हैं, जिनमें से पंजीकृत देवी-देवताओं की संख्या 184 है। महोत्सव का समापन 28 फरवरी को होगा। सर्व देवता कारदार सेवा समिति के अध्यक्ष पंडित शिवपाल शर्मा ने बताया कि 184 देवी-देवता पहुंच चुके हैं और अगले कुछ दिनों में और देवी देवता भी आ रहे हैं। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App