अंतरिक्ष से संकेत भेज रहे एलियन, वैज्ञानिक हैरान

By: Feb 13th, 2020 12:03 am

हर 16 दिन बाद आने वाले रहस्यमय सिगनल्स पर कनाडा में चल रहा शोध

वेंकूवर – अंतरिक्ष से आने वाला एक रेडियो सिगनल वैज्ञानिकों के लिए हैरानी का विषय बना हुआ है। वैज्ञानिकों ने पहली बार किसी ऐसे रेडियो सिगनल का पता लगाया है, जो एक निश्चित अवधि के अंदर बार-बार धरती की ओर आता है। वैज्ञानिकों ने इस रेडियो सिगनल का नाम दिया है एफआरबी। कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में फास्ट रेडियो बर्स्ट (एफआरबी) पर प्रयोग चल रहा है। वैज्ञानिकों का कहना है कि यह एफआरबी खुद में अद्भुत है, क्योंकि ये रेडियो सिगनल एक निश्चित अवधि के बाद फिर से आते हैं। ऐसा पहले कभी नहीं होता था। वैज्ञानिकों के मुताबिक, हर 16.35 दिन पर यह रेडियो सिगनल अपने स्रोत से छोड़ा जाता है। इस सिगनल के साथ दो चीजें अनोखी है। एक तो अंतरिक्ष से आने वाला यह पहला सिगनल है, जो एक निश्चित अवधि के बाद खुद को दोहराता है। वहीं, यह अब तक जितने भी सिगनल का पता लगाया गया है, उसके मुकाबले धरती से काफी करीबी स्रोत से मुक्त होता है यानी यह स्पेस के बाहरी भाग में स्थित किसी सोर्स से आता है। पहले एफआरबी की शिनाख्त साल 2007 में की गई थी। अब तक वैज्ञानिकों ने दो तरह के एफआरबी का पता लगाया है। एक तो वे एफआरबी हैं, जिनसे एक ही बार रेडियो सिगनल छोड़ा जाता है और दूसरे वे हैं जो बार-बार अपने स्रोत से छोड़े जाते हैं। वैज्ञानिकों ने बार-बार आने वाले सिगनल का नाम एफआरबी 180916 रखा है। इस रेडियो सिगनल ने वैज्ञानिकों को भी हैरान कर दिया है।

सबसे जुदा है एफआरबी 180916

वैज्ञानिकों का अनुमान है कि एफआरबी 180916 धरती से 50 करोड़ प्रकाश वर्ष दूर स्थित तारामंडल के बाहरी हिस्से से आता है। सितंबर 2018 से अक्तूबर 2019 के बीच वैज्ञानिकों ने रेडियो टेलिस्कोप से एफआरबी 180916 की निगरानी की। उन्होंने पाया कि ये सिगनल लगातार चार दिनों तक महसूस किए जाते हैं और फिर 12 दिनों तक गायब रहते है। इस तरह से 16 दिनों की अवधि के बाद ये सिगनल फिर लौट आते हैं।

क्या है सोर्स

इस रेडियो सिगनल के सटीक सोर्स का पता अब तक नहीं लग सका है। कुछ का मानना है कि यह किसी तारे से, तो किसी का मानना है कि ब्लैक होल से यह सिगनल आता है। ऐसा अनुमान है कि जिस चीज से यह सिगनल आता है, वह अपने अक्ष पर 16 दिनों में एक बार घूमता होगा। इसीलिए हर 16 दिन पर यह सिगनल आता है। वहीं कुछ वैज्ञानिक इसका ऐलियन से संबंध होने की भी आशंका जता रहे हैं। उनका मानना है कि ऐलियन की ओर से ये सिगनल भेजा जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App