अंबर की उल्टी चाल, तूफान-बारिश लेंगे परीक्षा

By: Feb 20th, 2020 12:22 am

शिमला में मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी; 24 फरवरी तक खराब रहेगा मौसम, लुढ़का तापमान

शिमला – जिला शिमला में आज मौसम रौद्र रूप दिखाएगा। मौसम विभाग ने गुरुवार को जिला में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है, जो जनता के लिए दिक्कतें लेकर आ सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत जिला में 24 फरवरी तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर बारिश व बर्फबारी होने की संभावना जताई जा रही है।  जिला शिमला में बुधवार को भी मौसम के तेवर बदले नजर आए। सुबह से ही आसमान में काले बादल घिरने शुरू हो गए थे, जो क्रम पूरे दिन कायम रहा। इस दौरान ठंडी हवाएं भी चलीं। आसमान में बादलों के घिरने और ठंडी हवाओं के प्रवाह से तापमान में गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक  की गिरावट रिकॉर्ड की गई है। तापमान में गिरावट आने से जिला में दिन के समय भी ठंड का एहसास हुआ। अधिकतम तापमान के साथ शिमला के न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है। शिमला का न्यूनतम तापमान लुढ़क कर 7.4 डिग्री तक पहुंच गया है। बीते दिनों के दौरान शिमला का पारा बढ़कर 11 डिग्री तक पहुंच गया था। ऐसे में अगर बारिश बर्फबारी होती है तो जिला में जनता को फिर से प्रचंड ठंड का सामना करना पड़ सकता है। जिला प्रशासन के साथ-साथ मौसम विभाग ने भी लोगों को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने से एहतियात बरतने का आग्रह किया है, ताकि किसी भी तरह की घटना से बचा जा सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App