अलवर में चमके हिमाचली युवा

By: Feb 27th, 2020 12:03 am

सुंदरनगर  – 12वीं युवरानी महिंद्रा कुमारी स्मारक ओपन राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता आरआर कालेज अलवर, राजस्थान के खेल मैदान में हुई। इसमें हिमाचल प्रदेश की झोली में मंडी के होनहारों ने तीन स्वर्ण व एक रजत पदक डाला। सुनिता कुमारी पुत्री रमेश कुमार व सौरभ कुमार पुत्र रमेश कुमार ने प्रतियोगिता में भाग लिया। सुनिता कुमारी ने 100 मीटर और 200 मीटर में हरियाणा की झटका को हराकर स्वर्ण पदक प्राप्त किया। सौरभ कुमार ने 1500 मीटर की दौड में स्वर्ण पदक और 800 मीटर की दौड़ में रजत पदक प्राप्त किया। हिमाचल प्रदेश की ओर से केवल दो भाई-बहन ही प्रतियोगिता में भाग लेने गए थे। सौरभ कुमार जमा दो कक्षा में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टांबा में पढ़ाई कर रहा है। दोनों कांसा खेल मैदान में सुबह-शाम डीईपी रमेश वालिया से प्रशिक्षण लेते हैं, जो कि राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक आदर्श पाठशाला में सेवारत हैं। इन दोनों की इस उपलब्धि से मंडी जिला व उनके गांव में खुशी का माहौल है। सभी ग्रामीणों ने इन दोनों बच्चों के परिजनों को बधाई दी है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App