आंदोलन से पहले दें जवाब

परिवहन मजदूर संघ ने समन्वय समिति से पूछे पांच सवाल

बिलासपुर – परिवहन मजदूर संघ ने एचआरटीसी की समन्वय समिति से पांच सवाल उठाए हैं। संघ का कहना है कि समिति को अपना आंदोलन आरंभ करने से पहले प्रदेश के परिवहन कर्मचारियों को पांच सवालों का स्पष्ट एवं संतोषजनक जवाब देना होगा। संघ के प्रदेश अध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर, राजन वर्मा, श्रवण शर्मा, बालकराम मोलटा, सुनील कटोच, कपिल राणा, रणजीत चौहान, प्रताप ठाकुर, सतीश नड्डा, चमन ठाकुर, पवन ठाकुर, राम कुमार शर्मा, संदीप शर्मा, सर्वजीत सिंह, नंदलाल बट्टू, रजनीश वालिया, राकेश ठाकुर, रिखीराम कौंडल, राजेश ठाकुर, जगदेव सिंह, कैलाश चंद्र व संतोष कुमार ने एचआरटीसी की समन्वय समिति से अपना आंदोलन शुरू करने से पहले प्रदेश के परिवहन कर्मचारियों को इन पांच सवालों का स्पष्ट और संतोषजनक जवाब देने के लिए कहा है। संघ के सवाल हैं कि मांगों को लेकर पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 14 जून, 2016 को हुए आंदोलन के दौरान पूर्व परिवहन मंत्री को 10 रुपए के स्टांप पेपर पर माफीनामे किस खुशी या मजबूरी में दिए थे। अब आंदोलन शुरू करने से पहले दोबारा माफीनामा देने के लिए स्टांप पेपर खरीद लिए हैं क्या। पूरे प्रदेश के परिवहन कर्मचारियों से इकट्ठे किए गए पैसों में से केस लड़ने के लिए कितनी फीस अदा की। इकट्ठे किए गए लाखों रुपए में से कितना धन बाकी बचा है, उसका हिसाब प्रदेश के परिवहन कर्मचारियों को कब दिया जाएगा। सत्ता परिवर्तन के बाद प्रदेश सरकार द्वारा इस समिति के कितने पदाधिकारियों को डेढ़-डेढ़ महीने का कितना-कितना वेतन मिला, जिसे पूर्व परिवहन मंत्री के आदेशों द्वारा काट दिया गया था। इस समिति में ऐसे कितने पदाधिकारी हैं, जो अपने-अपने पद के अनुसार कार्य न कर सिर्फ राजनीतिक जुगाड़बाजी भिड़ा कर दफ्तरों में बैठे हैं।