आज टांडू पहुंचेंगे पेखरा गहरी

By: Feb 20th, 2020 12:20 am

पद्धर – चौहारघाटी के आराध्य देवता श्री पेखरा गहरी जी अपने मूल स्थान गांव पेखरा से शिवरात्रि महोत्सव में हाजिरी भरने के लिए अपने कारकूनों व भक्तों के साथ निकल पड़े हैं। देवता गुरुवार रात्रि को टांडू में और शुक्रवार को मंडी में माधव राय के मंदिर में हाजिरी भरेंगे।  देवता के  गूर बलदेव, पुजारी भादर सिंह, भंडारी बालकराम, दुमच मोहन सिंह, ठाकुर दास, रोशन लाल एवं स्थानीय लोगों व भक्तों से बातचीत करके यह ज्ञात हुआ कि देव श्री पेखरा गहरी चौहारघाटी के नरेश देवता श्री हुरंग नारायण जी के डांगू है। साधारण शब्दों में कहें तो जिस प्रकार किसी बूढ़े व्यक्ति का सहारा उसकी छड़ी होती है, इसी तरह देव पेखरा गहरी जी देव हुरंग नारायण जी के साथ उनकी हर राह में साथ रहते हैं। काहिका उत्सव में भी उनका प्रमुख स्थान एवं भूमिका रहती है। देवता ही हुरंग  काहिके की शुरुआत भी करते हैं। देव गमन के दौरान जरूरत पड़ने पर देव श्री पेखरा गहरी जी चौहार घाटी के एकमात्र देवता हैं, जो कि श्री हुरंग नारायण जी के आगे भी चल सकते हैं। देवता लघु शिवरात्रि कहे जाने वाले जोगिंद्रनगर मेले एवं देव हुरंग नारायण व अन्य स्थानीय देवताओं के साथ मेलों व जातरों में शामिल होते हैं। देव श्री पेखरा गहरी 21 फरवरी, 2020 को मंडी शिवरात्रि में पहुंचकर भक्तों को आशीर्वाद देकर भक्तों की मनोकामनाओं को पूरा करते हैं और उनकी समस्त समस्याओं का निवारण करते हैं। यही कारण है कि लोगों की अत्यधिक श्रद्धा देवता के प्रति है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App