आप की तारीफ पर कांग्रेस में कोहराम

By: Feb 18th, 2020 12:03 am

नई दिल्लीदिल्ली में आम आदमी पार्टी ने प्रचंड जीत हासिल की और अरविंद केजरीवाल ने तीसरी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ भी ली। दिल्ली में शून्य पर सिमटने वाली कांग्रेस के नेता मिलिंद देवड़ा ने केजरीवाल सरकार की रेवेन्यू बढ़ाने को लेकर तारीफ कर दी, लेकिन देवड़ा की तारीफ पर दिल्ली कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय माकन बिफर उठे और उन्हें पार्टी छोड़ने की नसीहत भी दे दी। बता दें कि मुंबई से कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर लिखा कि एक ऐसा तथ्य पेश कर रहा हूं, जो कम लोग जानते हैं और ये स्वागत करने योग्य भी है। केजरीवाल सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल के दौरान दिल्ली में रेवेन्यू को डबल कर दिया है, जो बढ़कर 60 हजार करोड़ पहुंच गया है। अब दिल्ली भारत का आर्थिक रूप से सबसे मजबूत राज्य बन गया है। मिलिंद देवड़ा के इस ट्वीट को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रिट्वीट भी किया, लेकिन अजय माकन को देवड़ा का कथन रास नहीं आया और उन्होंने ट्वीटर पर लिखा कि ‘भाई, अगर आपको कांग्रेस पार्टी छोड़नी है, तो छोड़ सकते हैं। फिर आधे पके तथ्यों को ठीक करें। अजय माकन ने इसी के साथ कुछ डाटा साझा किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App