इनाम का झांसा देकर गहनों पर हाथ साफ

By: Feb 27th, 2020 12:20 am

बकलोह में अनजान की बातों में आकर ठगी का शिकार हुई महिला, पुलिस में केस दर्ज

चंबा –बकलोह क्षेत्र में दो अनजान महिलाओं ने स्थानीय महिला को गहनों के बदले गिफ्ट के नाम पर झांसा देकर सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। महिला के साथ ठगी करने के बाद अज्ञात महिलाएं फरार हो गई। पीडि़त महिला ने ठगी की शिकायत बकलोह पुलिस चौकी में दर्ज करवा दी है। शिकायतकर्ता ने पुलिस में दर्ज शिकायत में कहा है कि बीस फरवरी को दो अनजान महिलाएं, जोकि 35 से 40 वर्ष की आयु के बीच की थी, ने उसके घर पर आकर कहा कि अपनी पहनी हुई चांदी की अंगूठी हमें दे दो और अगर अंगूठी का डिजाइन हमारी कंपनी को पसंद आता है तो आपको इस अंगूठी के साथ कुछ गिफ्ट मिल सकता है, जिस पर उसने अपनी पहनी हुई चांदी की अंगूठी इन महिलाओं को दे दी। अगले दिन वह दोनों महिलाएं फिर से घर पर आईं और अंगूठी 500 रुपए के गिफ्ट के साथ वापिस कर दी और कहा कि अगर आप सोने की अंगूठी देते हो तो आपको और ज्यादा ईनाम मिल सकता है। शिकायतकर्ता ने महिलाओं के झांसे में आकर अपनी सोने की अंगूठी उन्हें दे दी। अगले दिन महिलाओं ने फिर से आकर अंगूठी एक हजार रुपए के ईनाम के साथ वापस कर दी। शिकायतकर्ता ने कहा कि इन महिलाओं ने कहा कि अगर आप सोने के छह गहने हमें देते हो तो आपको तीस हजार रुपए इनाम के तौर पर मिल सकते हैं, जिस पर उसने अपने सोने के छह गहने इन महिलाओं को दे दिए, लेकिन आज दिन तक न तो वह महिलाएं वापिस आईं और न ही गहने वापिस मिले। पुलिस ने शिकायतकर्ता की शिकायत पर भादंसं की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। उधर, एसपी चंबा डा. मोनिका भुटुंगरू ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि वे ऐसे प्रलोभनों से बचें और साथ ही लोगों को भी जागरूक करें, ताकि किसी के साथ इस प्रकार की ठगी न हो सके।

 

 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App