कर्ज पर कर्ज ले रही जयराम सरकार, प्रदेश पर पहले ही 53 हजार करोड़ का लोन

By: Feb 24th, 2020 12:15 am

जोल –प्रदेश में कर्ज को लेकर छिडे़ सियासी घमासान के बीच कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के नेता भी कूद पडे़ हैं। प्रदेशाध्यक्ष सुदर्शन सिंह बबलू ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले ही कर्ज के बोझ तले दबी प्रदेश सरकार फिर से कर्ज लेने जा रही है। उन्होंने जयराम सरकार को कर्ज लेने की बजाय फिजूलखर्ची पर लगाम लगाने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा धड़ाधड़ लिए जा रहे इस कर्ज का बोझ भविष्य में कहीं न कहीं प्रदेश की जनता पर ही पड़ने वाला है। सरकार प्रदेश को इससे जनता को उभारने के लिए अपने स्त्रोत बढ़ा नहीं पा रही है और रोज कर्ज पे कर्ज ले रही है। रविवार को यहां आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेशाध्यक्ष सुदर्शन सिंह बबलू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर पहले करीब 53 हजार करोड़ रुपए से अधिक का कर्ज है। सरकार द्वारा कर्ज के पैसों से ही अधिकारियों और कर्मचारियों का वेतन दिया जा रहा है, जबकि कर्ज के बोझ में दबे प्रदेश में विकास के कार्य ठप होकर रह गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जयराम सरकार दो सालों में ही करीब दो हजार करोड़ का कर्ज ले चुकी है। उन्होंने कहा कि इस कर्ज से विकास का कोई काम नही किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कर्ज के पैसे से ही अधिकारी और मंत्री विदेशों की सैर कर रहे हैं। उन्होंने सलाह दी कि सरकार कर्ज के पैसों से सैर सपाटा करने के बजाय इसे प्रदेश के विकास पर खर्च करें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App