कर्मचारियों का पूरा ख्याल

By: Feb 25th, 2020 12:04 am

शिमला में बोले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, जायज मांगें पूरी करने में नहीं करेंगे देरी

शिमला – प्रदेश सरकार कर्मचारियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। कर्मचारी राज्य सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों के प्रभावी कार्यान्वयन में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को यहां भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले आशा वर्कर यूनियन, सिलाई-कटाई कर्मचारी संघ और पर्यटन निगम कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने हमेशा ही कर्मचारियों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखे हैं और उनकी अधिकांश मांगें पूर्ण की गई हैं। उन्हें करोड़ों रुपए के लाभ प्रदान किए गए हैं। कर्मचारियों की सभी जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि आशा कार्यकर्ता माता और बाल स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं को बेहतर बनाने में प्रमुख भूमिका निभा रही है। उनके स्वास्थ्य की देखभाल राज्य सरकार की चिंता का प्रमुख विषय था। राज्य सरकार ने दो साल के दौरान दो बार आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में राज्य का हिस्सा बढ़ाया है। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि मानदेय बढ़ाने की उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा।  भारतीय मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष राकेश शर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उन्हें कर्मचारी यूनियन की विभिन्न मांगों से अवगत करवाया। भारतीय मजदूर संघ के महासचिव मंगत राम नेगी, उपाध्यक्ष मदन राणा, अध्यक्ष सिलाई कटाई कर्मचारी संघ मीरा शर्मा और कर्मचारी यूनियनों के अन्य पदाधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

महिलाओं को ट्रेंड कर रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सिलाई-कटाई कर्मचारी संघ की मांगों के प्रति भी संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर तथा प्रशिक्षित बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। जयराम ठाकुर ने पर्यटन निगम कर्मचारी संघ को भी आश्वस्त किया कि सरकार उनकी मांगों के प्रति सजग है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App