कर्मियों पर दर्ज एफआईआर हो निरस्त

By: Feb 28th, 2020 12:01 am

पथ परिवहन निगम प्रबंधन ने एसपी बिलासपुर को लिखा पत्र

जुखाला, शिमला – पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बिलासपुर में परिवहन कर्मचारियों पर दर्ज की गई एफआईआर को निरस्त करने को लेकर एचआरटीसी प्रबंधन की ओर से बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखा गया है। यह जानकारी परिवहन मजदूर संघ के प्रदेश सचिव संदीप शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि प्रबंधन ने पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 14 जून, 2016 को परिवहन कर्मचारियों की हड़ताल के दौरान परिवहन मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर सहित बिलासपुर के 23 परिवहन कर्मचारियों पर दर्ज की गई एफआईआर को निरस्त करने के लिए बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक को निवेदन पत्र लिखा है। उल्लेखनीय है कि पूर्व कांग्रेसी सरकार के कार्यकाल में 14 जून, 2016 को पूरे प्रदेश में परिवहन कर्मचारियों की प्रचंड हड़ताल हुई थी लेकिन सिर्फ बिलासपुर में 24 परिवहन कर्मचारियों पर राजनीतिक दबाव के चलते चार दिन के बाद 17 जून, 2016 को बिलासपुर के तत्कालीन क्षेत्रीय प्रबंधक ने शिकायत पत्र देकर बिलासपुर के पुलिस थाना सदर में उक्त एफआईआर दर्ज करवाई थी। तथ्यों के अभाव में बिलासपुर पुलिस पांच साल में इस केस का चालान कोर्ट में पेश नहीं कर पाई। सत्ता परिवर्तन के बाद परिवहन मजदूर संघ ने जगत प्रकाश नड्डा और प्रदेश सरकार से उक्त एफआईआर को निरस्त करने की गुहार लगाई थी, जिसके फलस्वरूप प्रदेश सरकार ने विधि विभाग से सलाह लेने के उपरांत उक्त एफआईआर की कैंसिलेशन रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए थे। उधर, परिवहन मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर ने कहा है कि पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में परिवहन कर्मचारियों पर किए अन्याय की पराकाष्ठा में परिवहन मजदूर संघ की बहुत बड़ी विजय है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App