कलोह का जवान पंचतत्त्व में विलीन

सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, गांव में शोक की लहर

सुजानपुर –कलोह गांव के सैनिक का राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव में सोमवार को अंतिम संस्कार किया गया। मृतक नायक रत्न चंद का 22 फरवरी को बीमारी के चलते आकस्मिक निधन हो गया था। वह 72 आर्म्ड में डीएससी अहमदनगर में तैनात थे। उनका पूना के फौजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। मिली जानकारी के अनुसार बमसन तहसील के अंतर्गत पड़ने वाले कलोह गांव में नायक रत्न चंद पुत्र स्व. मरचू राम का बीती 22 फरवरी को बीमारी के चलते आकस्मिक निधन हो गया था। नायक स्व. रत्न चंद का पार्थिव शरीर विमान द्वारा दिल्ली लाया गया। जबकि 23 फरवरी रात को दिल्ली से उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव कलोह पहुंचा गया। सैनिक का पार्थिव देह जैसे ही गांव पहुंचा, तो गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ नायक रत्न चंद का अंतिम संस्कार कर दिया गया। नायक रत्न चंद को सेना द्वारा सम्मान देते हुए उनके पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेट कर सेना कि बाइस ग्रेनेडियर से नायब सूबेदार जमना लाल, लांस नायक प्रवीन कुमार व आशीष कुमार तथा जीडीआर शकील अहमद द्वारा श्मशान भूमि तक विशेष गाड़ी से लाया गया, जो खासतौर से जालंधर से आई थी। नायक स्व. रत्न चंद अपने पीछे मां, पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गया है। हालांकि बेटी की शादी हो चुकी है।