केंद्र उठाए ऊना-हमीरपुर रेललाइन का सारा खर्च

By: Feb 27th, 2020 12:01 am

50 फीसदी राशि व्यय करने से प्रदेश सरकार का इनकार

शिमला – प्रदेश सरकार ने साफ कर दिया है कि वह ऊना-हमीरपुर रेललाइन के लिए फूटी कौड़ी नहीं दे सकती। राज्य सरकार ने केंद्र को इस बाबत लिखा है कि वह  इस  रेललाइन का पूरा खर्च खुद वहन करे। बता दें कि केंद्र सरकार ने राज्य सरकार को 50 फीसदी धनराशि खर्च करने को कहा था, लेकिन प्रदेश की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है, लिहाजा सरकार ने इनकार कर दिया है। परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर ने विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री के सवाल पर लिखित जानकारी में सदन को बताया कि 50 फीसदी राशि खर्च करने से प्रदेश ने इनकार कर दिया है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा वर्ष 2017-18 में नई रेललाइन ऊना हमीरपुर 54.1 किलोमीटर की प्रस्तावित की थी। इसकी अनुमानित लागत 5821.47 करोड़ रूपए की आंकी गई है।

आत्मा प्रोजेक्ट में 4108 लाख

सरकार की तरफ से सदन में बताया गया कि आत्मा परियोजना वर्ष 2005-06 में आरंभ की गई थी। इस योजना के तहत गत तीन वर्षों में जनवरी 2020 तक कुल 4108.65 लाख रूपए की धनराशि स्वीकृत की गई है। 3493.11 लाख रुपए व्यय किए जा चुके हैं। विधायक जगत सिंह नेगी के  सवाल पर लिखित में यह सूचना कृषि मंत्री ने दी।

बैजनाथ में बस अड्डा

सदन में बताया गया कि बैजनाथ बस अड्डे का निर्माण कार्य वर्तमान में परिवहन निगम की कार्यरत कार्यशाला के स्थान पर करने हेतु मामला विचाराधीन है। इस मामले को निपट भविष्य में प्राधिकरण  के निदेशक मंडल की बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा। यह जानकारी मुलख राज के सवाल पर लिखित में वन मंत्री ने दी।

पौने दो लाख किसानों ने मांगा बीमा

विधायक राकेश सिंघा के सवाल पर सदन में बताया गया कि जनवरी 2020 तक एक लाख 76 हजार 553 किसानों ने फसल बीमा हासिल करने के लिए आवेदन किया है। किसानों से कुल प्रीमियम 49.03 करोड़ रूपए का वसूला गया है वहीं केन्द्र सरकार व राज्य सरकार का 38.91 करोड़ व 39.16 करोड़ रूपए का हिस्सा प्रदान किया गया है।

हवाई पट्टी के लिए समझौता

सरकार ने बताया कि ग्रीन फील्ड हवाई पट्टी निर्माण के लिए जनवरी महीने में एक समझौता किया गया है। मुकेश अग्निहोत्री के सवाल पर लिखित में मुख्यमंत्री ने सदन को जानकारी दी कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा मंडी जिला के नागचला स्थान पर सर्वे के बाद उक्त स्थल को तकनीकी दृष्टि से 2100 मीटर रनवे लंबाई के साथ अनडायरेक्शनल ऑपरेशन हेतु उपयुक्त पाया गया है।

सुंदरनगर में 57 लाख खर्च

सदन में बताया गया कि बीबीएमबी  ने अपने अधीन प्रभावित क्षेत्रों में विकासात्मक गतिविधियों पर 57 लाख 43 लाख 277 रुपए की राशि खर्च की है। इसके लिए एक करोड़ 15 लाख नौ हजार 998 रूपए की कुल राशि रखी गई है।

अब बांटे जा रहे लैपटॉप

एक सवाल के लिखित उत्तर में शिक्षा मंत्री ने बताया कि 9700 विद्यार्थियों को वर्ष 2017-18 में लैपटॉप का वितरण किया जाना था, जो कि अब हो रहा है। क्योंकि पहले इसकी खरीद की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि अब स्कूलों के 8981 मेधावी बच्चों को लैपटॉप दिए जा रहे हैं, वहीं कालेज स्तर के 905 बच्चों को इनका वितरण किया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App