कोलर में बनेगा अटल आदर्श विद्या निकेतन स्कूल

By: Feb 24th, 2020 12:22 am

नाहन –भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए सबका सहयोग आवश्यक है। यह विचार शिक्षा, कानून और संसदीय मामले मंत्री सुरेश भारद्वाज ने रविवार को नाहन के नगर परिषद हॉल में परशुराम ब्राह्मण विकास संघ सिरमौर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को जन्म से नहीं कर्म से ब्राह्मण बनना होगा तभी भारत विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर होगा। उन्होंने कहा कि ब्राह्मणों ने कंठस्थ कर हमारे देश की अध्यात्म, योग और संस्कृति को संजोए रखा है। ब्राह्मण समाज ने हमारे देश के अध्यात्म व संस्कृति को जीवित रखने मे अहम भूमिका निभाई है, लेकिन आज के परिवेश में ब्राह्मण को मात्र कर्मकांड का काम करने वाले तक ही सीमित समझा जाता है। हम सबको इस सोच से आगे निकल कर एक बार फिर से संपूर्ण समाज का मार्गदर्शन करने के लिए एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा कि आज के दौर में ज्ञान तभी दिया जा सकता है जब ज्ञान प्राप्त किया हो और ज्ञान को प्राप्त करने के लिए पहले स्वयं को ज्ञानी बनना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पहले समाज में कुछ कुरीतियों की वजह से कुछ जातियां पिछड़ गई थी। इन पिछड़ी जातियों को समाज में सम्मान दिलाने के लिए भी ब्राह्मण समाज को आगे आना पड़ेगा। इस मौके पर उन्होंने कहा कि संस्कृत को हिमाचल की दूसरी राजभाषा बनाने में वर्तमान सरकार का ही प्रयास है और जल्द ही हिमाचल में एक संस्कृत विश्वविद्यालय का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नाहन में मियां का मंदिर जो जर्जर हालत में है उसका जीर्णोंद्वार शीघ्र ही किया जाएगा। इससे पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व स्थानीय विधायक डा. राजीव बिंदल ने कहा कि वर्तमान सरकार का लक्ष्य संपूर्ण विकास है जिसके लिए प्रदेश सरकार बिजली, पानी, शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में भरपूर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आज डा. वाईएस परमार मेडिकल कालेज नाहन में 70 से अधिक डाक्टर कार्यरत हैं जिसका फायदा जिला सिरमौर के सभी निवासियों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही नाहन विधानसभा क्षेत्र के कोलर में अटल आदर्श विद्या निकेतन स्कूल का निर्माण किया जाएगा जो कि वर्तमान सरकार का एक अनूठा प्रयास है। इस स्कूल में प्रवेश के लिए परीक्षा ली जाएगी तथा उत्तीर्ण छात्रों को ही इस बेहतर स्कूल में शिक्षा ग्रहण करने का मौका मिलेगा। इससे पूर्व इस कार्यक्रम के आयोजक रोनकी राम शर्मा, प्रधान ग्राम पंचायत बनकला तपेंद्र शर्मा, रेणुका भाजपा अध्यक्ष सुनील शर्मा, बीडीसी उपाध्यक्ष कृष्णकांत शर्मा, प्रधान ब्राह्मण समाज कपिल शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रतिभा कौशिक, सचिव जिला भाजपा प्रीतमोहन शर्मा, समाजसेवी नित्यानंद सेवल, पूर्व अध्यक्ष ब्राह्मण विकास संघ नरदेव शर्मा, अध्यक्ष मार्केटिंग कमेटी रामेश्वर शर्मा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए ब्राह्मण समाज के उत्थान और एकता के लिए कार्य करने का आह्वान किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App