चंबा-तीसा सड़क पर दरकी पहाड़ी

By: Feb 25th, 2020 12:18 am

कल्हेल के पास मलबा गिरने से डेढ़ घंटा यातायात ठप, रास्ते में ही फंसी रहीं बसें

तीसा-चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर कल्हेल के समीप भूस्खलन होने के कारण सोमवार सवेरे करीब डेढ़ घंटा वाहनों की आवाजाही ठप रही। इस दौरान मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। जिस कारण लोगों को काफी दिक्कतें पेश आईं। मार्ग पर यातायात बहाल होने के बाद ही बीच राह में फंसे लोगों ने राहत की सांस लेते हुए गंतव्य की राह पकड़ी। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह भूस्खलन होने से भारी भरकम मलबा सड़क पर आ गिरने से वाहनों के पहिये थम गए। इस दौरान मार्ग पर दौड़ने वाली निजी व सरकारी बसें भी बीच राह में फंस गई। मार्ग बंद होने की सूचना पाते ही लोक निर्माण विभाग की लेबर ने मशीनरी संग मौके पर पहुंचकर यातायात बहाली को काम छेड़ दिया। करीब डेढ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग से मलबा व पत्थर हटाकर वाहनों की आवाजाही को सामान्य बनाया। उधर, अधिशाषी अभियंता लोनिवि तीसा हर्ष पुरी ने बताया कि मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही मशीनरी व कर्मचारियों को मौके पर भेज दिया गया था। उन्होंने बताया कि मार्ग पर यातायात बहाल कर वाहनों की आवाजाही को सामान्य बना दिया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App