जापानी शिप से भारतीयों को निकालने जाएगा चार्टेड प्लेन

By: Feb 26th, 2020 12:03 am

नई दिल्ली – जापान के योकोहोमा पोर्ट पर रोके गए डायमंड प्रिंसेज शिप से भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए चार्टेड प्लेन भेजा जाएगा। जापान स्थित भारतीय दूतावास ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। हालांकि इसके लिए कुछ शर्तें लगाई गई हैं। जिन लोगों ने क्रूज से निकलने पर सहमति दी है और जिनके जांच नेगेटिव पाए गए हैं, वे इसका लाभ उठा सकेंगे। जानकारी के मुताबिक जापान के डायमंड शिप पर सोमवार को दो और भारतीयों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। शिप पर मंगलवार को एक और युवक की मौत हो गई। अब तक तीन लोगों की जान जा चुकी है। जापानी शिप पर कुल 138 भारतीय हैं। इनमें 132 क्रू मेंबर्स और छह यात्री हैं। पिछले महीने हांगकांग से चलने के बाद जहाज पर एक यात्री को संक्रमित पाया गया था। उसके बाद से ही जापान के योकोहामा पोर्ट पर शिप तीन फरवरी से फंसा हुआ है। लापान स्थित भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया कि जहाज पर अब तक 14 भारतीयों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। सभी को बेहतर इलाज मुहैया कराई जा रहा है। बुधवार को कुछ और लोगों के टेस्ट रिजल्ट आने वाले हैं। उम्मीद है इसमें और भारतीय नहीं होंगे।

चीन में 2663 मौतें, 508 नए मामलों की पुष्टि

बीजिंग – चीन में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 2663 हो गई है और करीब 77658 लोगों के इस वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य प्राधिकरण के अनुसार इस संक्रमण से हुबेई प्रांत में 68, शानडोंग प्रांत में दो तथा गुआंडोंग प्रांत में एक व्यक्ति की मौत हुई है। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग की तरफ से जारी नए आंकड़ों के अनुसार देश के 31 प्रांतों में 27200 लोगों इससे ठीक हो गए हैं और 2663 लोगों की इस वायरस के कारण मौत हुई है। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस के 508 नए मामलों की पुष्टि हुई है तथा इस घातक विषाणु के कारण 71 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से 68 मौतें सबसे अधिक प्रभावित हुबेई प्रांत में हुई है। इसके अलावा पिछले 24 घंटों में 2589 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App