दिल के रोगों के बढ़ने के कारण

By: Feb 1st, 2020 12:18 am

ये कहावत बहुत पुरानी है कि मौत बहाना ढूंढती है। कई बार बाहर से स्वस्थ लगने वाला व्यक्ति अचानक से बीमार पड़ता है और जांच कराने पर किसी गंभीर बीमारी का शिकार मिलता है। ऐसी घटनाएं हमारे आसपास अकसर घटती हैं और लोग इसे कर्म फल या परमात्मा की इच्छा समझकर भूल जाते हैं। मगर विज्ञान हर चीज की गहराई तक जाता है और इसकी पड़ताल करता है। कई बार शरीर में घट रहे बदलावों का पता हमें लक्षणों के रूप में तब तक नहीं दिखाई देता है, जब तक कि ये गंभीर न हो जाए। क्या आपको पता है कि दुनियाभर में सबसे ज्यादा लोगों की मौत का कारण दिल की बीमारियां बनती हैं। हृदय अटैक, कार्डियक अरेस्ट, हार्ट फेलियोर, स्ट्रोक आदि ऐसी बीमारियां हैं, जो कई बार व्यक्ति को संभलने का भी मौका नहीं देती हैं। आइए आपको बताते हैं कुछ ऐसे बेहद सामान्य लगने वाले कारण, जो दिल के रोगों को बढ़ावा देते हैं, मगर जानकारी के अभाव में लोग इन्हें नजरअंदाज कर देते हैं।

गुस्सा

गुस्सा करना सामान्य है। हर व्यक्ति को कभी न कभी गुस्सा आता ही है। मगर क्या आप जानते हैं कि गुस्सा करने के बाद आपको हार्ट अटैक का खतरा 5 गुना तक बढ़ जाता है? जी हां, रिसर्च बताती हैं कि गुस्सा करने के 2 घंटे बाद तक व्यक्ति को स्ट्रोक, हार्ट अटैक और अनियंत्रित दिल की धड़कनों का खतरा बना रहता है। इसका खतरा 40 की उम्र पार कर चुके लोगों में ज्यादा होता है, मगर हर किसी को ऐसी स्थिति से सावधान रहना चाहिए।

दांतों की बीमारियां

दांतों की बीमारी से हार्ट अटैक? सुनकर अजीब लग सकता है। मगर हार्ट और मुंह के स्वास्थ्य के बीच काफी गहरा संबंध पाया गया है। कई सारी रिसर्च के आधार पर एक्सपर्ट्स मानते हैं कि मसूड़ों के बैक्टीरिया खून (ब्लड स्ट्रीम) में पहुंचकर हार्ट के रोगों का कारण बन सकते हैं। इन बैक्टीरिया के कारण रक्त वाहिकाओं में सूजन आ जाती है और रक्त प्रवाह प्रभावित होता है। इसलिए बेहतर होगा कि आप हर 6 महीने में एक बार अपना डेंटल टेस्ट कराते रहें और मुंह में होने वाले किसी भी रोग को गंभीरता से लें।

अकेलापन

जो लोग बहुत ज्यादा अकेलेपन का सामना करते हैं, उनमें हार्ट की बीमारी होने की संभावना बढ़ जाती है। एक रिसर्च के अनुसार अकेलापन हार्ट संबंधी बीमारियों के खतरे को बढ़ाता है। जब आप लोगों के साथ वक्त बिताते हैं, तो आप तनावमुक्त रहते हैं और एक्टिव रहते हैं। थोड़े समय के लिए अकेलापन कई बार आपको मानसिक रूप से शांत करता है। मगर लंबे समय में ये कई मानसिक परेशानियों के साथ-साथ हृदय रोगों का खतरा भी बढ़ाता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App