देवसदन में होगा होली संध्या कार्यक्रम

By: Feb 27th, 2020 12:20 am

सूत्रधार कला संगम छह मार्च को करेगी आयोजन, सरकार-प्रशासन से मांगी छुट्टी

कुल्लू –सूत्रधार कला संगम संस्था हर वर्ष की भांति इस बार भी होली से पूर्व संगीत व नृत्यों से भरपूर 22वीं सूत्रधार होली संध्या कार्यक्रम का आयोजन छह मार्च को सायं साढ़े छह बजे से रात्रि दस बजे तक देवसदन कुल्लू के सभागार में करने जा रही है। सूत्रधार कला संगम के अध्यक्ष दिनेश सेन के अनुसार देवभूमि कुल्लू में शताब्दियों पूर्व भगवान रघुनाथ के आगमन के साथ ही यहां होली गायन की समृद्ध परंपरा रही है। समय की गति के अनुसार यह समृद्ध परंपरा जब विलुप्त होने के कगार पर थी, तो ऐसे में 22 वर्ष पूर्व सूत्रधार कला संगम ने इसके संरक्षण व संवर्द्धन का बीड़ा उठाते हुए सूत्रधार होली संध्या के नाम से होली गायन का रंगारंग कार्यक्रम आरंभ किया। इस 22वीं सूत्रधार होली संध्या में कुल्लू जनपद के सुप्रसिद्ध लेखक, गायक व संगीतकार राम कुमार कपूर की रचनाओं के साथ-साथ कुल्लू के प्रसिद्ध प्रचलित व पारंपरिक होली गीतों का गायन किया जाएगा। इस कार्यक्रम को और अधिक रोचक बनाने हेतु इसमें होली से संबंधित नृत्यों की प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। होली पर मिलने वाले सार्वजनिक सरकारी अवकाश के अनुसार उस दिन यहां होली न मनाकर परंपरागत रूप से हर वर्ष दो दिन पूर्व छोटी होली व बड़ी होली के रूप में सदियों से सार्वजनिक तौर पर बड़ी धूमधाम से मनाई जाती है, जिससे उन दो दिनों में छुट्टी न होने के कारण आम लोगों को, कर्मचारियों तथा विशेषकर शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसलिए संस्था ने पत्र द्वारा  मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, वन, परिवहन युवा सेवाएं व खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, कुल्लू सदर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर तथा उपायुक्त कुल्लू से विशेष आग्रह किया कि वे वर्तमान के इसी सत्र में इस विषय में निर्णय लें कि कुल्लू में हमेशा के लिए आम दिन के बजाय दो दिन पूर्व विशेष अवकाश की व्यवस्था की जाए।  बैठक में संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन सहित वरिष्ठ उपाध्यक्ष यनिंद्र कपूर, उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, महसचिव सुंदर श्याम, प्रेस सचिव राजेश शानू, सचिव मोनिका सागर व मंजूलता शर्मा, संगीत सहप्रभारी प्रदीप कपूर व यशोदा शर्मा, लोकनृत्य सहप्रभारी सीमा शर्मा व प्रबंधक उत्तम चंद उपस्थित रहे।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App