दो और नाइजीरियन हेरोइन तस्कर गिरफ्तार

By: Feb 21st, 2020 12:30 am

कुल्लू पुलिस ने नई दिल्ली से किए काबू, पूछताछ तेज

कुल्लू  – जिला कुल्लू के भुंतर पुलिस थाना में दर्ज एक एनडीपीएस एक्ट के मामले में जिला पुलिस ने द्वारका दिल्ली से दो और नाइजीरियन को गिरफ्तार कर कुल्लू लाया है। एसपी कुल्लू के अनुसार भुंतर थाना में दर्ज इस मामले में दोनों नाइजीरियन हेरोइन बेचने में संलिप्त पाए गए हैं। एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने बताया कि भुंतर थाना में 16 फरवरी, 2020 को दर्ज एनडीपीएस मामले में गिरफ्तार अर्पित नाम के व्यक्ति ने खुलासा किया था कि उसने नाइजीरियन से हेरोइन सप्लाई की डील की थी। इस हेरोइन को अर्पित का पिता अश्वनी लेकर आ रहा था। लिहाजा इस मामले में हेरोइन बेचने पर दोनों नाइजीरियन को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने बताया कि कुल्लू पुलिस की टीम ने दोनों नाइजीरियन को मोहन गार्डन उत्तम नगर डिस्ट्रिक्ट द्वारका दिल्ली से गिरफ़्तार किया है। दोनों के पास न तो कोई पासपोर्ट है और न ही वीजा। इसके चलते दोनों के खिलाफ  फॉरेन एक्ट की धारा 14 में भी कार्रवाही की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा पकडे़ गए नाइजीरियन में 21 वर्षीय कोलिंज एफ केन और 37 वर्षीय चीमा सेगुस शामिल है। उन्होंने बताया कि जुलाई 2019 से कुल्लू  पुलिस ने अब तक 15 विदेशी नागरिकों को तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App