नड्डा को बागडोर से दुनिया में बढ़ी हिमाचल की साख

By: Feb 28th, 2020 12:22 am

शिमला – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी की बागडोर जगत प्रकाश नड्डा को सौंपे जाने से हिमाचल की साख विश्वभर में बढ़ी है। उनका कहना था कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नड्डा की ताजपोशी प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि भाजपा का सर्वोचच पद आमतौर पर बड़े राज्यों को नसीब होता है। बावजूद इसके यह नड्डा के अद्वितीय नेतृत्व गुणों के कारण संभव हुआ है कि हिमाचल जैसे छोटे राज्य को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद मिला है। जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार को प्रदेश में आज दो वर्ष और दो महीने पूरे हो गए हैं और यह अवधि उपलब्धियों से भरी रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का पहला निर्णय वृद्धावस्था पेंशन के लिए वरिष्ठ नागरिकों की आयु को बिना किसी आय सीमा के 80 वर्ष से घटा कर 70 वर्ष करने का था, जिससे 2.63 लाख वरिष्ठ नागरिक लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने जन शिकायतों के निवारण के लिए जन मंच योजना शुरू की है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में आयोजित जन मंचों में 46763 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से लगभग सभी का निवारण कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जन मंच के अलावा राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1100 आरंभ की है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश इस महत्वाकांक्षी हेल्पलाइन को आरंभ करने वाला देश का पांचवा राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि अब तक लगभग 2,73,000 काल्स के माध्यम से 64,300 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 56,062 का समाधान किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में जो लोग आयुष्मान भारत योजना से वंचित रह गए हैं उन सभी परिवारों के लिए प्रदेश सरकार ने हिमकेयर योजना शुरू की गई है, जिसके तहत पात्र परिवारों को प्रति परिवार 5 लाख रुपए की मुफ्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत एक वर्ष के भीतर 5.50 लाख परिवारों का पंजीकरण किया गया है और 60 हजार से अधिक रोगियों का इलाज किया गया है, जिस पर सरकार ने 62 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। उन्होंने कहा कि सहारा योजना के तहत लकवा, कैंसर और मस्कुलर डिस्ट्रॉफी जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को प्रति माह 2000 तक की वित्तीय सहायता भी प्रदान की जा रही है। जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने हिमाचल गृहिणी योजना आरंभ की है, जिसके तहत 2.76 लाख से अधिक परिवारों को मुफ्त गैस कनेक्शन प्रदान किए गए हैं और इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश देश का पहला धुंआ मुक्त राज्य बन गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App