नशे ने बुझाया घर का चिराग

By: Feb 27th, 2020 12:03 am

अंब – अंब उपमंडल के तहत एक गांव में नशे की ओवरडोज़ से एक 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें भी है, जिनकी शादी हो चुकी है। जानकारी के अनुसार मृतक का परिवार बहुत निर्धन है। उसके पिता दिहाड़ी लगाते हैं और माता पंचायत में मनरेगा के कार्य में दिहाड़ी लगाकर घर का खर्चा चला रही हैं। अभिभावकों ने इस आस से कि बेटा पढ़-लिखकर उनका सहारा बनेगा, उसे जमा दो कक्षा करवाने के बाद जालंधर के एक कालेज में सिविल इंजीनियरिंग करने के लिए भेज दिया। पहले सब कुछ ठीक चलता रहा, लेकिन दुर्भाग्यवश पंजाब में पहले ही नशे की चपेट में फंसे दोस्तों की कंपनी में वह भी फंस गया। डिग्री करने के दौरान बुरी संगत ने उन्हें अपने साथ शामिल कर चिट्टे की आदत में ऐसा डाला कि वह अपनी गरीबी भूल एक अलग ही जिंदगी जीने लग गया। डिग्री के दौरान ही उसने माता-पिता की खून-पसीने की कमाई को बुरी लत में मिलाना शुरू कर दिया। माता-पिता कम पढे़-लिखे थे। इस कारण अपने बेटे की हरकतों को उस दौरान समझ नहीं पाए और उसकी मांगें कर्ज लेकर भी पूरी करते रहे। उधर, बेटा चिट्टा का इतना आदी हो गया कि कोई काम-धंधा करने के बजाय 24 घंटे नशे में रहने लग गया। माता-पिता इससे पहले कि सब कुछ समझ पाते। बात काबू से बाहर होकर नौबत आज यहां तक पहुंच गई। डीएसपी मनोज जम्वाल ने बताया कि नशे की ओवरडोज से एक युवक की मौत हो गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App