पालमपुर में ओलों की मार

धौलाधार पर ताजा बर्फबारी के बाद  चार डिग्री तक लुढ़का पारा

पालमपुर –धौलाधार पर ताजा बर्फबारी और उपमंडल के कुछ क्षेत्रों में ओले गिरने से पारा लुढ़क गया। गर्मी की ओर अग्रसर हो रहा पालमपुर उपमंडल एक बार फिर श्ीतलहर की चपेट में आ गया। शनिवार के बाद रविवार को भी दोपहर तक मौसम साफ था, दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। इससे क्षेत्र का तापमान नीचे आ गया और बीते दिनों 20 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका पारा तीन से चार डिग्री तक लुढ़क गया। लोग एक बार फिर गर्म कपड़े पहनने को मजबूर हो गए। जानकारी के अनुसार इस समय पालमपुर में बारिश का ग्राफ  सामान्य से आगे चल रहा है। फरवरी के अंतिम सप्ताह में क्षेत्र में सामान्य बारिश का आंकड़ा 160 मिमी के आसपास रहता है, जो कि इस बार 180 मिमी का छू रहा है। बीते सप्ताह पालमपुर का अधिकतम तापमान 17.5 से 23.5 डिग्री सें दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से 1.6 से 7.6 डिग्री सें ज्यादा था, वहीं क्षेत्र का न्यूनतम तापमान छह से 11 डिग्री के बीच रहा, जो कि औसत से 0.5 से 4.3 डिग्री सें अधिक था। बढ़ते पारे के साथ उपमंडल में गर्मी का एहसास होने लगा था, लेकिन रविवार को यकायक बदले मौसम के मिजाज ने फिर से ठंडक बढ़ा दी। 13 फरवरी के बाद से क्षेत्र का अधिकतम तापमान 20 डिग्री के पार चल रहा था और 14 फरवरी को तापमान 23.5 डिग्री से तक जा पहुंचा था, जो कि सामान्य 15.9 डिग्री सें से करीब सात डिग्री अधिक था।