प्रदेश में फिर से बनाएंगे सरकार

झंडूता – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को झंडूता में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नागरिक अभिनंदन समारोह में भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में प्रदेश में फिर से सरकार बनाएंगे। हमारा रास्ता सीधा व पूरी तरह से साफ है। वर्ष 2022 के संकल्प को जनता जनार्दन के आशीर्वाद से पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग भाग्यशाली हैं कि नड्डा विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के अध्यक्ष बने हैं। यह सब उनके कठिन परिश्रम, समर्पण और प्रदेशवासियों के अथाह स्नेह के कारण संभव हुआ है। आज प्रदेश में छह मेडिकल कालेज हैं, जिनमें से चार श्री नड्डा के प्रयास से प्राप्त हुए। यही नहीं, उनके प्रयासों से ही प्रदेश को एम्स मिला, जिसका निर्माण बिलासपुर जिला में किया जा रहा है और आने वाले दो तीन महीनों में एम्स में ओपीडी शुरू हो जाएगी और उसके बाद कक्षाएं भी शुरू कर दी जाएंगी। इसी प्रकार ऊना में पीजीआई का ैसेटेलाइट सेंटर भी आने वाले समय में जनता को समर्पित होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने भाजपा को भरपूर सहयाग दिया है, जिसका स्पष्ट प्रमाण है कि भाजपा ने चारों लोकसभा सीटों पर रिकार्ड अंतर से जीत दर्ज की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने दोनों विधानसभा उपचुनावों पर भी जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि जगत प्रकाश नड्डा के कुशल नेतृत्व में भाजपा नई ऊंचाईयां छुएगी।

केंद्र और राज्य में हम ही हम

सीएम ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद तक जेपी नड्डा का संघर्ष प्रेरणा देता है। छोटे से प्रदेश के लिए रहे नड्डा के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। काम से ज्यादा महत्त्वपूर्ण सम्मान होता है। अब बात सम्मान की भी है और स्वाभिमान की भी। हिमाचल व केंद्र में भाजपा की सरकारें हैं। सब जगह हम ही हम हैं। ऐसे में लंबे समय तक यही सम्मान रहना चाहिए।