बजट की तैयारियों में जुटा नगर निगम

By: Feb 18th, 2020 12:17 am

विकास कार्यों को लेकर पार्षदों से जानीं प्राथमिकताएं, शहरवासी 20 फरवरी तक दे सकते हैं अपनी राय

शिमला –नगर निगम शिमला वित्तीय वर्ष 2020-21 का बजट 22 फरवरी को पेश करने जा रहा है। इस बजट के लिए नगर निगम शिमला तैयारियों में जुट गया है। इस बजट के लिए नगर निगम शिमला ने इस बार एक अलग पहल की, जिसके तहत शहर के 34 पार्षदों से उनके वार्डों में होने वाले विकास कार्यों को लेकर प्राथमिकताएं जानी गईं। वहीं, शहर के सभी पार्षदों ने भी अपने-अपने वार्डों की प्राथमिकताएं नगर निगम प्रशासन के समक्ष रखी हैं। पार्षदों ने अपने वार्डों में किए जाने वाले कार्य को प्रमुखता दी है। शहर की जनता की बात करें तो उन्हें इस बजट से काफी उम्मीदें हैं। नगर निगम द्वारा शहर के लिए यह बजट काफी अहम रहने वाला है। वहीं, नगर निगम के बजट को महापौर सत्या कौंडल ने भी साफ कहा है कि वह आम लोगों से जुड़ी हुई हैं। ऐसे में आम लोगों को इस बार के बजट से जो उम्मीदें हैं, उन्हें नगर निगम इस बजट में प्राथमिकता देगा। साथ ही इस बजट के माध्यम से लोगों को प्रलोभन नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर कार्य हो, यह नगर निगम की कोशिश रहेगी। साथ ही उन्होंने बताया कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत किए जाने वाले कार्यों में 31 मार्च के बाद तेजी मिलने वाली है। साथ ही मेयर ने बताया कि शहरवासी इस बजट के लिए 20 फरवरी तक अपनी राय व प्राथमिकता दे सकते हैं। बता दें कि निगम की सत्ता पर काबिज हुई भाजपा का यह तीसरा बजट और महापौर सत्या कौंडल का पहला बजट है। इस बजट के लिए इन दिनों नगर निगम प्रशासन दिन रात एक कर लोगों से उनकी राय के जनता को ऐसा बजट देने की तैयारी में है जहां मात्र वादे नहीं बल्कि सुविधाएं भी दी जा सकें। हालांकि पिछले साल के बजट से आम जनता कहीं न कहीं निराश नजर आई है। जनता का मानना है कि पिछले साल का बजट  आम जनता के लिए कुछ खास नहीं रहा। जो वादे किए भी गए थे वे आज भी अधूरे हैं। ऐसे में नगर निगम इस बार के बजट में खास ध्यान रखेगा कि आम जनता की उम्मीदों पर खड़ा उतरा जाए। शहर के सभी पार्षदों की प्राथमिकताएं ली गई हैं। शहर का हर वर्ग अपनी-अपनी प्राथमिकताआें को नगर निगम प्रशासन के सामने रख रहा है। उसके मुताबिक अब अपने में देखना खास होगा कि निगम 22 फरवरी को जो बजट जारी करने जा रहा है उसमें जनता के लिए क्या अहम रहेगा। निगम की सामान्य सभा में 22 फरवरी (शनिवार) को महापौर सत्या कौंडल बजट अभिभाषण प्रस्तुत करेंगी। इन दिनों बजट को लेकर खाका तैयार किया जा रहा है। इसके लिए शहर के बुद्धिजीवियों और तमाम लोगों से सुझाव मांगे गए थे। ऐसे संकेत हैं कि वित्तीय वर्ष के बजट में शहरवासियों को नई सौगातें मिलेंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App