बिल्डिंग गिरने से दो की मौत

By: Feb 13th, 2020 12:02 am

जम्मू में आग बुझाते ढही तीन मंजिला इमारत, मलबे में दबे लोग

जम्मू – जम्मू में बुधवार सुबह तीन मंजिला इमारत के ढह जाने से दो दमकलकर्मियों की मौत हो गई और छह अन्य लोग घायल हो गए। अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा महानिदेशक वीके सिंह ने बताया कि मलबे में एक दमकलकर्मी अब भी दबा है और उसे निकालने के प्रयास जारी हैं। जानकारी के अनुसार जम्मू के गोलेपुल्ली क्षेत्र स्थित यह इमारत आग बुझाने के दौरान ढह गई, जिससे अनेक लोग मलबे में दब गए। इस इमारत के भूतल पर एक आरा मिल थी। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के कर्मी भी राहत अभियान के लिए मौके पर पहुंच गए हैं। राहत अभियान पर निगरानी रख रहे सिंह ने बताया कि दो दमकलकर्मियों- विमल कुमार रैना और रतन चंद के शव मलबे से निकाल लिए गए हैं, जबकि तीसरे दमकलकर्मी मोहम्मद असलम का पता लगाने के लिए खोज अभियान जारी है। अग्निश्मन विभाग को सुबह चार बजकर 48 मिनट पर इमारत में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल गाडि़यां तुरंत मौके पर भेजी गईं। आग बुझाने के कार्य के दौरान सुबह साढ़े पांच बजे इमारत अचानक से गिर गई। ‘‘ऐसा माना जा रहा है कि मलबे में कोई आम नागरिक नहीं फंसा है। सुबह चार आम लोगों को बचाया। हमारे दो कर्मी घायल हो गए। बचाए गए सभी लोगों को अस्पताल ले जाया गया।’’ आरा मिल में लकडि़यों का बड़ा भंडार था। आग के चलते वहां एक गैस सिलेंडर में भी विस्फोट हो गया जिससे इमारत गिर गई। इमारत गिरने के तुरंत बाद राज्य आपदा मोचन बल और पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत अभियान शुरू कर दिया गया। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की एक टीम भी पठानकोट से जम्मू स्थित घटनास्थल पर भेजी गई जो जारी राहत अभियान में मदद कर रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App