मकड़ाहन में 80 मेधावी छात्रों को लैपटॉप

By: Feb 25th, 2020 12:22 am

बीआरसी कार्यालय में विधायक अर्जुन सिंह ने होनहारों को बांटी सौगात

जवाली –विस क्षेत्र जवाली के अंतर्गत बीआरसी कार्यालय मकड़ाहन में श्री निवासन छात्र आंगुलिक योजना के अंतर्गत लैपटॉप वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें जवाली के विधायक अर्जुन सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम में पहुंचने पर डिप्टी डायरेक्टर उच्च शिक्षा कांगड़ा गुरदेव भारती, बीआरसी बालकृष्ण शर्मा सहित अन्यों ने मुख्यातिथि का जोरदार स्वागत किया। मुख्यातिथि अर्जुन सिंह को बैज लगाकर सम्मानित किया गया। सर्वप्रथम मुख्यातिथि अर्जुन सिंह ने मां सरस्वती के चित्र समक्ष ज्योति प्रज्वलित की। मुख्यातिथि अर्जुन सिंह द्वारा 80 मेधावी बच्चों को लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया। विधायक अर्जुन सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार स्कूलों के ढांचे को सुधारने के लिए कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में अध्यापकों के पदों को भरा गया है। बच्चों के प्रोत्साहन के लिए भी योजनाएं शुरू की हैं तथा लैपटॉप योजना भी इस योजना का हिस्सा है। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज का भी आभार जताया। इस मौके पर जिला परियोजना अधिकारी विनोद कुमार, भाजपा जिला महामंत्री राकेश बाजवा, भाजपा कार्यालय सचिव कृष्ण पगड़ोत्रा, नगर पार्षद दीपाली पगड़ोत्रा, पंचायत लाहडू प्रधान वीरेंद्र गुलेरिया, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गुगलाड़ा के प्रिंसिपल महेंद्र सिंह, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जवाली के प्रिंसिपल पूर्ण चन्द, राजकीय हाई स्कूल लुधियाड़ के मुख्याध्यापक सुभाष शर्मा, भाजपा नेता अंकुर भड़वाल, राजेश्वर, हैपी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App