मतियाना में बागीचे से 150 पेड़ उखाड़ कर ले गए चोर

मतियाना –एप्पल सिटी मतियाना के नन्नी गांव से नीचे पड़ते गांव कटेढ़ में चोरों ने चार बागबानों के बागीचों से रात को लगभग 150 सेब के पौधे उखाड़ कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। कटेढ़ निवासी मस्तराम रायटा ने जानकारी देते हुए बताया कि रात को चोरों द्वारा उनके बागीचे व सुरेद्र, नरायण सिंह तथा दुर्गा सिंह के बागीचों से सेब के पौधे उखाड़ कर चोरी किये गए। उन्होंने बताया कि लगभग 150 सेब के पौधे अर्ली वेरायटी के थे, जो कि तीन वर्ष पूर्व खेत में लगाए गए थे और एक वर्ष बाद इसमें सैंपल आना था। मामले की पुष्टि करते हुए चुलिस चौकी प्रभारी मतियाना कुलदीप शर्मा ने बताया कि बागबानों की सेब पौधों के चोरी होने की सूचना पर उन्होंने मौके का दौरा किया और पाया कि बागीचे से पौधे गायब है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अपनी छानबीन शुरू कर दी है, साक्ष्य को जुटाने की कोशिश की जा रही है। बताते चले कि बागीचे में लगे तीन वर्ष के 150 सेब के पौधों की चोरी को ये मामला अपने आप में अजीबो-गरीब और पहला मामला है, जंहा पर अब चोरों ने बागीचों में लगे पौधो को निशाना बनाया है। इस घटना के बाद क्षेत्र के किसान बागबान भी सकते में आ गए है कि आज के इस दौर में सौ रुपए से लेकर तीन चार सौ रुपए तक बर्ली वैरायटी के पौधे खरीदने पड़ते है। अगर इस तरह की घटनाएं घटती रहे तो बागवानों को आर्थिक रूप से बड़ा नुकसान तो होगा ही साथ में तीन-चार वर्षों की मेहनत भी बेकार जाएगी।