महाशिवरात्रि…मंदिरों में उमड़ी आस्था

By: Feb 22nd, 2020 12:22 am

राजधानी में धूमधाम से मनाया पर्व; जगह-जगह सजे भंडारे, संजौली-ढली से लेकर टुटू तक रौनक

शिमला-राजधानी शिमला में शुक्रवार को महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया गया। शहर के सभी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिरों में भारी भीड़ होने के कारण श्रद्धालुओं को पूजा करने के लिए घंटों लाइनों में खडे़े होकर इंतजार करना पड़ा। भक्तों ने बिलपत्र, भांग, धतुरा, दूध चढ़ाकर शिव की पूजा अर्चना की। यह दुर्लभ मौका है, जब शुक्रवार के दिन ही महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जा रहा है। शिवरात्रि के मौके पर शुभ मंगल योग का संयोग 117 वर्ष बाद बना। इस मौके पर पूरा शहर शिवमयी माहौल में रंगा रहा। शहर में कई जगह भोग का आयोजन भी किया गया। इस मौके पर लोअर बाजार में लोगों को खीर भी बांटी गई। मंदिरों के बाहर प्रसाद भी बांटा गया। इसके अलावा शिमला के लिफ्ट स्थित शिव मंदिर में खीर का भंडारा लगाया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य पर शिमला के विभन्नि मंदिरों में रात को भी मंदिरों में भजन-कीर्तन का आयोजन चलता रहा। शहर के लिफ्ट, मिडल बाजार, संजौली, ढली, संकट मोचन, समरहिल, टुटू स्थित प्राचीन शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। लोगों ने महाशिवरात्रि के अवसर पर मालपुड़े, कचौरियां, पोलटु आदि विशेष पकवान बनाए और अपने रिश्तेदारों और आस पड़ोस में रहने वाले लोगों को बांटे। शिमला के उपनगर पंथाघाटी स्थित शिव शक्ति मंदिर में शिवरात्रि पर विशेष पूजा अर्चना हुई। इस मौके पर मंदिर में  शिवलिंग का महारूद्राभिषेक वैदिक मंत्रों द्वारा किया गया।  बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अभिषेक में भाग लिया और भजन कीर्तन कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

शोघी में धूमधाम से मनाया पर्व

शोघी। शोघी क्षेत्र से लगते विभिन्न मंदिरों, शिवालयों में महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया गया। अरूणोदय आश्रम शिव मंदिर नजदीक रेलवे स्टेशन शोघी, तारा देवी के नजदीक पौराणिक शिव मंदिर, दुख भजन हनुमान मंदिर तारा देवी, संकट मोचन, माहुनाग देवता, दुर्गा माता मंदिर शालघाट में सुबह से  शिवरात्रि पर्व पर शिव भक्तों, बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों व युवाओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सभी अपनी-अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए दुध, दही, घी, फल-फूल, विल पत्री, धंतूरा, दीप, धूप आदि से पूजा अर्चना करते दिखे। वहीं मंदिरों में भक्तों को प्रसाद स्वरूप फलाहार व घोटा भी बांटा गया। दोपहर दो बजे के बाद भी मंदिरों में भक्तों की भीड़ रही। भारी संख्या में शिवभक्तों द्वारा व्रत रखा गया था। कल भंडारों व घरों में लोग अपना व्रत खोलेंगे। शोघी रेलवे स्टेशन के समीप अरूणोदय आश्रम के शिव मंदिर में लोगों की काफी भीड़ रही।

राधा कृष्ण मंदिर से निकली शिव की बारात

महाशिवरात्रि का पर्व के लिए राधा कृष्ण मंदिर में शुक्रवार सुबह दस बजे भगवान शिव की सेहराबंदी की गई। वहीं बारह बजे शिव की बारात निकाली गई। लोअर बाजार से यह बारात दोपहर तीन बजे राम मंदिर पहुंची। बारात में भगवान ब्रह्मा, विष्णु, मां लक्ष्मी और सरस्वती के अलावा नारद शामिल हुए। मंदिर पहुंचने के बाद लग्न लगाए गए। लग्न के लिए मंदिर में विशेष तौर पर मंत्रोउच्चारण के लिए जंगम बुलाए गए। सूद सभा के प्रधान संजय सूद ने बताया कि शनिवार को शिव की बारात राधा कृष्ण गंज मंदिर लौटेगी। साथ ही शिवरात्रि के अवसर पर फलाहार और भंडारे की व्यवस्था भी थी। इस अवसर पर सूद सभा की उपप्रधान भारती सूद, महासचिव संजीव सूद, कैशियर अनामिक सूद, पूजा डोगर, सदस्य अजय सूद, संजीव सूद, रविंद्र सूद, गोपाल डोगर, रश्मि सूद, संजीव करोल, अनीता सूद, आकांक्षा सूद, जनमंजेय सूद, मंजू सूद, संगीता और गंज मंदिर के प्रधान अजय सूद मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App