राजधानी में धूमधाम से मनाया पर्व; जगह-जगह सजे भंडारे, संजौली-ढली से लेकर टुटू तक रौनक
शोघी में धूमधाम से मनाया पर्व
शोघी। शोघी क्षेत्र से लगते विभिन्न मंदिरों, शिवालयों में महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया गया। अरूणोदय आश्रम शिव मंदिर नजदीक रेलवे स्टेशन शोघी, तारा देवी के नजदीक पौराणिक शिव मंदिर, दुख भजन हनुमान मंदिर तारा देवी, संकट मोचन, माहुनाग देवता, दुर्गा माता मंदिर शालघाट में सुबह से शिवरात्रि पर्व पर शिव भक्तों, बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों व युवाओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सभी अपनी-अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए दुध, दही, घी, फल-फूल, विल पत्री, धंतूरा, दीप, धूप आदि से पूजा अर्चना करते दिखे। वहीं मंदिरों में भक्तों को प्रसाद स्वरूप फलाहार व घोटा भी बांटा गया। दोपहर दो बजे के बाद भी मंदिरों में भक्तों की भीड़ रही। भारी संख्या में शिवभक्तों द्वारा व्रत रखा गया था। कल भंडारों व घरों में लोग अपना व्रत खोलेंगे। शोघी रेलवे स्टेशन के समीप अरूणोदय आश्रम के शिव मंदिर में लोगों की काफी भीड़ रही।
राधा कृष्ण मंदिर से निकली शिव की बारात
महाशिवरात्रि का पर्व के लिए राधा कृष्ण मंदिर में शुक्रवार सुबह दस बजे भगवान शिव की सेहराबंदी की गई। वहीं बारह बजे शिव की बारात निकाली गई। लोअर बाजार से यह बारात दोपहर तीन बजे राम मंदिर पहुंची। बारात में भगवान ब्रह्मा, विष्णु, मां लक्ष्मी और सरस्वती के अलावा नारद शामिल हुए। मंदिर पहुंचने के बाद लग्न लगाए गए। लग्न के लिए मंदिर में विशेष तौर पर मंत्रोउच्चारण के लिए जंगम बुलाए गए। सूद सभा के प्रधान संजय सूद ने बताया कि शनिवार को शिव की बारात राधा कृष्ण गंज मंदिर लौटेगी। साथ ही शिवरात्रि के अवसर पर फलाहार और भंडारे की व्यवस्था भी थी। इस अवसर पर सूद सभा की उपप्रधान भारती सूद, महासचिव संजीव सूद, कैशियर अनामिक सूद, पूजा डोगर, सदस्य अजय सूद, संजीव सूद, रविंद्र सूद, गोपाल डोगर, रश्मि सूद, संजीव करोल, अनीता सूद, आकांक्षा सूद, जनमंजेय सूद, मंजू सूद, संगीता और गंज मंदिर के प्रधान अजय सूद मौजूद रहे।