मैदानों में बारिश, कल से मौसम साफ

By: Feb 21st, 2020 12:03 am

पहाड़ों पर 25 तक जारी रहेगा दौर

शिमला – गुरुवार को सुहावने मौसम के बीच तफरीह को निकले सैलानी

शिमला – हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, सिरमौर, मंडी, डलहौजी, किन्नौर व लाहुल-स्पीति में 25 फरवरी तक मौसम खराब बना रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत राज्य के इन क्षेत्रों में पांच दिनों तक बारिश व बर्फबारी होेगी। मैदानी इलाकों में भी शुक्रवार को एक-दो स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई जा रही है, जबकि मैदानी इलाकों में 22 से 26 फरवरी तक मौसम साफ बना रहेगा।  उधर, गुरुवार को मौसम साफ रहने से भुंतर के तापमान में सबसे ज्यादा आठ डिग्री का उछाल आंका गया है। इसके अलावा सुंदरनगर व बिलासपुर मे चार, कल्पा व शिमला में तीन, धर्मशाला, नाहन, कांगड़ा व हमीरपुर के तापमान में दो डिग्र्री तक की बढ़ोतरी रिकार्ड की गई है। राज्य के सोलन व केलांग को छोड़कर समूचे राज्य के तापमान में उछाल दर्ज किया गया है। हालांकि शाम पांच बजे के बाद आसामान में काले बादल घिरने शुरू हो गए थे, मगर तापमान में उछाल आने से दिन के समय गर्मी का एहसास हुआ। ऊना का तापमान 30 डिग्र्री सेल्सियस की करीब पहुंच गया है। वहीं सुंदरनगर, कांगड़ा, बिलासपुर और हमीरपुर का तापमान में 26 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया है।  अधिकतम तापमान के साथ साथ न्यूनतम तापमान में भी उछाल रिकार्ड किया गया है। न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आंका गया है।  मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि पहाड़ों पर 25 फरवरी तक मौसम खराब बना रहेगा। मैदानी इलाकों में भी 21 फरवरी को बारिश होगी, जबकि मैदानी इलाकों में 22 से 26 फरवरी तक मौसम साफ बना रहेगा।

बारिश की थी चेतावनी, पर खिली रही धूम

मौसम विभाग द्वारा राज्य के मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गुरुवार को बारिश व आंधी चलने का अलर्ट जारी किया गया था, मगर राज्य में मौसम इसके उल्ट बना रहा। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में  शाम तक मौसम साफ बना रहा। दिन के समय चटक धूप खिलने से अधिकतम तापमान में एक से आठ डिग्री सेल्सियस तक का उछाल रिकार्ड किया गया है। तापमान में एक से आठ डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी रिकार्ड की गई है।

कहां-कितना तापमान

शहर  अधिकतम    न्यूनतम

शिमला    19.1       7.7

सुंदरनगर  26.0       8.5

भुंतर       25.4       6.3

कल्पा     8.6       -1.6

धर्मशाला  18.2       7.8

ऊना       28.0       8.3

सोलन     23.0       5.4

नाहन      22.1       13.9

केलांग     3.6        -4.4

कांगड़ा    26.6       14.6

बिलासपुर 26.5       11.0

हमीरपुर   26.8       11.6

चंबा       21.5       7.1

डलहौजी  10.2       3.6

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App