राजीव बिंदल ने तैनात किए अपने सिपहसालार

By: Feb 25th, 2020 12:11 am

हिमाचल भाजपा की नई कार्यकारिणी की पहली लिस्ट जारी, पुरानों के साथ नए चेहरे भी शामिल

शिमला – हिमाचल भाजपा अध्यक्ष डा.राजीव बिंदल ने कुर्सी संभालने के एक महीने बाद ही अपनी कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। बिना समय गंवाए बिंदल ने अपने सिपहसालार तय कर दिए हैं, जिनकी पहली सूची सोमवार देर शाम जारी कर दी गई है। बिंदल ने अपनी कार्यकारिणी में पुराने लोगों को स्थान देने के साथ नए चेहरों को भी मौका दिया है। इसमें वरिष्ठ नेताओं व युवाओं का पूरा मेल बनाया गया है। इतना ही नहीं, जनजातीय क्षेत्र को महामंत्री के रूप में पहली बार कार्यकारिणी में जगह दी गई है। बिंदल के सिपहसालारों की सूची में प्रवीण शर्मा (पूर्व मंत्री), कृपाल परमार, राम सिंह, पुरुषोतम गुलेरिया,  संजीव कटवाल, रतन सिंह पाल, कमलेश कुमारी तथा धनेश्वरी ठाकुर को उपाध्यक्ष के रूप में शामिल किया गया है। महामंत्री पद पर अहम जिम्मेदारी त्रिलोक जम्वाल, त्रिलोक कपूर तथा राकेश जम्वाल को सौंपी गई है, जिसमें ट्राइबल का विशेष ध्यान रखा गया है। यह पहली बार हुआ है जब किसी ट्राइबल नेता को महा सचिव बनाया गया है। सचिव के पद पर पायल वैद्य, बिहारी लाल शर्मा, विशाल चौहान, कुसुम सदरेट,डा. सीमा ठाकुर, वीरेंद्र चौधरी, जय सिंह तथा श्रेष्ठा चौधरी को कार्यभार दिया है। कोषाध्यक्ष के पद पर संजय सूद रहेंगे, जबकि पार्टी के मुख्य प्रवक्ता पहले की तरह ही रणधीर शर्मा को रखा गया है। इनके साथ मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी राकेश शर्मा, जोकि धर्मशाला से हैं, निभाएंगे। पहली सूची में कुल 22 पदाधिकारियों एवं सात मोर्चों के अध्यक्षों की घोषणा की गई है। पदाधिकारियों में छह महिलाएं, चार अनुसूचित जाति, एक अनुसूचित जनजाति व दो ओबीसी से संबंध रखने वाले नेताओं को कार्यभार सौंपा गया है। प्रदेश के प्रवक्ताओं, मीडिया सहप्रभारियों, प्रकोष्ठों के संयोजकों, अन्य पदाधिकारियों व प्रदेश कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्यों व कार्यसमिति सदस्यों की घोषणा बाद में की जाएगी।

डिग्री धारक पदाधिकारी

भाजपा की पहली सूची में घोषित किए गए पदाधिकारियों में आठ स्नातक, 11 स्नातकोत्तर (पोस्ट ग्रेजुएट), चार लॉ ग्रेजुएट, दो पीएचडी (डॉक्टरेट), एक एमफिल जैसी महत्त्वपूर्ण उपाधियां प्राप्त करने के वाले लोग हैं, जिनके पास पार्टी का कार्य करने का लंबा अनुभव है।

ये रहेंगे पार्टी के विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष

भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष पद का दायित्व सांसद सुरेश कश्यप, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष का दायित्व जवाहर लाल (लाहुल-स्पीति), ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष का दायित्व ओपी चौधरी (कांगड़ा), किसान मोर्चा का दायित्व राकेश शर्मा (बबली, हमीरपुर), महिला मोर्चा की अध्यक्ष रश्मिधर सूद (सोलन), युवा मोर्चा अध्यक्ष पद का दायित्व अमित ठाकुर (चंबा) तथा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व मोहम्मद राजबली (मंडी) संभालेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App