लाहल में तोड़ी भोलेनाथ की मूर्ति

By: Feb 19th, 2020 12:20 am

पुलिस ने शरारती तत्त्वों के खिलाफ मामला दर्ज कर शुरू की छानबीन

भरमौर-उपमंडल के लाहल गांव के निकट प्रथम कैलाश दर्शन स्थल पर स्थापित भगवान भोलेनाथ की मूर्ति को अज्ञात लोगों ने खंडित कर दिया है। यह दूसरा मौका है जब यहां पर स्थापित की गई भगवान भोले नाथ की मूर्ति को नुकसान पहुंचाया गया हो। बहरहाल सूचना मिलने के उपरांत पुलिस की टीम ने भी मौके का दौरा किया है और इस बाबत छानबीन कर रही है। जानकारी के अनुसार लाहल गांव के निकट कैलाश पर्वत के होने वाले प्रथम दर्शन स्थल पर भगवान भोले नाथ की मूर्ति स्थापित की गई है। जिसे अज्ञात लोगों ने खंडित कर दिया है। माना जा रहा है कि अज्ञात लोगों ने सोमवार रात को इस घटना को अंजाम दिया है। इस स्थान पर मूर्ति को दूसरी मर्तबा नुक्सान पहुंचाने की घटना से क्षेत्र के लोगों में भी खासा रोष पनप उठा है और ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग प्रशासन के समक्ष उठाई है। पता चला है कि सूचना मिलने के उपरांत पुलिस की एक टीम ने मौके का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया है। उधर, एसपी चंबा डा. मोनिका भुटुंगरू ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके का दौरा किया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही अज्ञात आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App